Delhi: पुलिस ने सिपाही की हत्या करने वाले शूटर को किया गिरफ्तार, जमीनों पर कब्जा करने से रोकने पर की थी हत्या
शूटर प्रदीप उर्फ हब्बू ने वर्ष 2011 में दिल्ली पुलिस के सिपाही तनवीर की पांच गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। सिपाही ने आरोपी शूटर के जमीनों व प्लाट पर कब्जे की रणनीति का पर्दाफाश कर दिया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने अशोक प्रधान-नीतू दबोदिया गिरोह के शूटर को गिरफ्तार किया है। शूटर प्रदीप उर्फ हब्बू ने वर्ष 2011 में दिल्ली पुलिस के सिपाही तनवीर की पांच गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। सिपाही ने आरोपी शूटर के जमीनों व प्लाट पर कब्जे की रणनीति का पर्दाफाश कर दिया था। प्रदीप ने हाल ही में भंडारे में नहीं बुलाने पर नजफगढ़ इलाके में साधु पर गोली चलाई थी। गोली मंदिर में खड़े एक श्रृद्धालु को जा लगी थी। शूटर प्रदीप ने पूछताछ में खुलासा किया है कि ये गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ जेल में बंद गैंगस्टर नीरज बवानिया की हत्या की साजिश रच रहा था।
अपराध शाखा के विशेष पुलिस आयुक्त रविंद्र सिंह यादव ने बताया कि एसीपी, एजीएस नरेश कुमार की देखरेख में इंस्पेक्टर पवन कुमार, इंस्पेक्टर राकेश कुमार, एसआई अजय व एसआई महावीर की टीम गैंगस्टर की तलाश कर रही थी। हवलदार बद्री प्रसाद को मिली एक गुप्त सूचना के बाद पुलिस टीम ने गांव बापडौला, नजफगढ़ निवासी प्रदीप उर्फ हब्बू (39) को द्वारका मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से साधु पर गोली चलाने के लिए इस्तेमाल किए गए हथियार को बरामद किया गया है। अपराध की दुनिया में उतरने के बाद प्रदीप ने गांव के ही रविंद्र उर्फ सोलंकी के साथ मिलकर जमीनों पर कब्जा करना शुरू कर दिया। आरोपी गरीबों की जमीनों पर कब्जा करने के लिए फर्जी कागजात बनवा लेते थे। इसके बाद ये मालिक होने का दावा करते थे। फिर पीड़ित से समझौता करने के नाम पर मोटी रकम ऐंठ लेते थे।
रणहौला थाने में तैनात बीट अफसर तनवीर को इनकी जमीनों पर कब्जे करने की रणनीति का पता लग गया था। जब भी जमीन का कोई मालिक जमीन को बेचने के लिए आरोपियों से संपर्क करता था तो तनवीर जमीन मालिक को आगाह करते हुए आरोपियों के जरिए जमीन बेचने से मना कर देता था। इस कारण प्रदीप को काफी घाटा हो गया था। ऐसे में दोनों ने तनवीर की हत्या करने की साजिश रच ली। साजिश के तहत ये दोनों उस फार्महाउस में घुस गए जहां सिपाही तनवीर रहता था और इन्होंने पांच गोलियां मारकर तनवीर की हत्या कर दी थी। इस मामले में प्रदीप को 12 साल की सजा हुई थी। प्रदीप के खिलाफ छह से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गैंगस्टर नीरज बवानिया की साजिश रच रहे थे
आरोपी प्रदीप ने पूछताछ में खुलासा किया है कि वह अशोक प्रधान के साथ विरोधी गिरोह के सरगना व जेल में बंद नीरज बवानिया व उसके साथियों की हत्या करने की साजिश रच रहे थे। नीरज बवानिया गिरोह के सदस्य विभिन्न जेलों में बंद हैं। ये अपने गिरोह के सदस्यों की हत्या का बदला लेने के लिए बवानिया गिरोह के सदस्यों को कोर्ट में पेश करने के दौरान टॉरगेट करते।
गिरोह का तीन राज्यों में है आतंक
गिरोह का दिल्ली, हरियाणा व पंजाब में आतंक है। अक्तूबर, 2013 में गिरोह सरगना नीतू दबोदिया को दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था। इसके बाद गिरोह की कमान गांव निलोठी, बहादुरगढ़ हरियाणा निवासी अशोक प्रधान ने संभाल ली थी। अशोक प्रधान ने गिरोह का विस्तार किया। साथ ही मंजीत महाल गिरोह से हाथ मिला लिया। मंजीत महाल का गिरोह बवानिया व कृष्ण पहलवान गिरोह का विरोधी है।
भंडारे में नहीं बुलाने पर साधु पर चलाई थी गोली
नजफगढ़ के राणाजी एंक्लेव में स्थित मंदिर के पुजारी आकाश नाथ ने १३ फरवरी को भंडारा किया था। इसमें गांव के नाथ समुदाय के सभी लोगों को बुलाया था। आकाश नाथ ने खुद को नाथ समुदाय का संत होने का दावा करने वाले सुशील दास को नहीं बुलाया था। सुशील दास का गांव में ही अलग मंदिर है। सुशील प्रदीप व अन्य लोगों के साथ 15 फरवरी को मंदिर पहुंचा। भंडारे में नहीं बुलाने पर आकाश की सुशील से बहस हो गई। इस बस में प्रदीप ने आकाश पर गोली चला दी। पुजारी आकाश तो बच गए, मगर गोली वहां खड़े श्रृद्धालु को जा लगी। पुलिस ने प्रदीप की गिरफ्तारी को लेकर स्थानीय नजफगढ़ थाना पुलिस को सूचना दे दी है।