2 मिनट में मिलेगी दांतों की रिपोर्ट: मरीज खुद कर सकेंगे बीमारी की जांच, दिल्ली के इस अस्पताल में लगी पहली मशीन
दिल्ली सरकार की और से मौलाना आजाद इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंस में एक मशीन लगाई गई है, जो खुद दांतों को स्कैन करेगी और दो मिनट के अंदर आपकी रिपोर्ट भी देगी। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने इसका उद्घाटन किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मौलाना आजाद इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंस में मरीज खुद दांतों को स्कैन कर बीमारी के बारे में दो मिनट में जान सकेंगे। पायलट परियोजना के तहत इंस्टीट्यूट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंसी (एआई) की सुविधा से सुसज्जित स्कैनो एयर मशीन लगाई गई है।
बुधवार को दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने इसका उद्घाटन किया। भविष्य में इस मशीन की मदद से प्री ओरल कैंसर के बारे में भी जाना जा सकेगा। मशीन की मदद से एक्सरे रिपोर्ट का मूल्यांकन भी किया जा सकेगा। सीएसआर फंड के तहत तीन मशीन इंस्टीट्यूट में लगाई गई है।
इंस्टीट्यूट के कंप्रिहेंसिव डेंटिस्ट्री विभाग प्रमुख और प्रो. डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि पहली बार देश के किसी सरकारी अस्पताल में स्कैनर मशीन से दांत संबंधी बीमारियों की जांच की सुविधा मरीजों को उपलब्ध कराई गई है।
रिपोर्ट के आधार पर मरीज उपचार के लिए डॉक्टर से परामर्श ले सकेंगे। रिपोर्ट में मरीज के दांतों की स्थिति के आधार पर उपचार और अगले छह महीने बाद दांतों की कैसी स्थिति होगी इसकी सूचना मिलेगी। डेढ़ महीने के अंदर मशीन से प्री ओरल कैंसर जांच की सुविधा के शुरु होने की उम्मीद है।
व्हाट्सअप पर आएगी रिपोर्ट
उन्होंने कहा कि स्कैन हुई तस्वीरों के आधार पर आपके दांतों की स्थिति को लेकर हेल्थ स्क्रीनिंग रिपोर्ट जारी होगी। यह रिपोर्ट मरीज को उसके व्हाट्सअप नंबर पर उपलब्ध होगी। इस पूरी प्रक्रिया में करीब दो मिनट का समय लगेगा।
समय से उपचार में मिलेगी मदद
स्कैनो एयर मशीन को लेकर डॉ. श्रेया ने कहा कि जांच से अस्पताल की ओपोडी में चिकित्सीय जांच का समय घटेगा। डॉक्टर को सटीक रिपोर्ट मिलेगी और मरीज का समय से उपचार मिलेगा। घर बैठ जांच के लिए स्कैनो ऐप डाउनलोड करना होगा।
नावी रोबोट जांच में करेगा मदद
एआई आधारित नावी नाम का रोबोट मरीजों की जांच में मदद करेगा। मरीज को मशीन के पास खड़ा होना होगा। उसमें अपना मोबाइल नंबर, नाम, लिंग और उम्र का ब्योरा देना होगा। नावी मरीज को हर चरण के बारे में हिंदी और अंग्रेजी भाषा में जानकारी देगा। फिर जांच का पहला चरण शुरू होगा उसमें मशीन के बाहर लगा कैमरा खुद से आपके सामने के दांतों को स्कैन कर तस्वीर लेगा। दूसरे चरण में नीचे के दांत और फिर आखिरी तीसरे चरण में ऊपर के दांतों को स्कैन किया जाएगा।