दिल्ली में कब लागू होगी ऑड-ईवन प्रणाली, पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने दी ये जानकारी
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर दिल्ली सरकार क्या कदम उठा रही है और क्या इस बार भी सरकार ऑड-ईवन स्कीम लागू करेगी इस पर पर्यवारण मंत्री गोपाल राय से पूछा गया तो उन्होंने इसके बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि हमने दिल्ली में कई बार ऑड-ईवन स्कीम लागू की है। इस बार हम यह योजना सबसे आखिर में लागू करेंगे जब कोई अन्य हल नहीं बचेगा। जब प्रदूषण को रोकने का कोई जरिया नहीं बचेगा तब ऑड-ईवन स्कीम लागू की जाएगी।
We have implemented the Odd/Even scheme many times in Delhi. It would be our last resort & we'll think about its implementation if rest of the methods to curb the air pollution fails: Delhi Environment Minister Gopal Rai on being asked about govt's plans for Odd/Even scheme pic.twitter.com/KzvHTr0M6f
विज्ञापन विज्ञापन
— ANI (@ANI) October 19, 2020
दिल्ली में ग्रेप है लागू
बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) लागू है। अगले आदेशों तक आवश्यक सेवाओं को छोड़कर डीजल-पेट्रोल जनरेटर पूरी सर्दी बंद रहेंगे। प्रदूषण का स्तर बढ़ने पर दूसरी पाबंदियां भी लागू की जाएंगी।
डीपीसीसी ने बीते बुधवार को एमसीडी, डीडीए, पीडब्ल्यूडी समेत सभी एजेंसियों को निर्देश जारी किया है कि दिल्ली में अगले आदेश तक डीजल-पेट्रोल जनरेटर बंद होंगे। इसके एवज में बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश बिजली कंपनियों को दिया गया है।
हालांकि, हेल्थ केयर सेवा, दिल्ली मेट्रो, रेलवे, एलीवेटर समेत दूसरी आवश्यक सेवाओं को छूट दी गई है। डीपीसीसी ने अपने आदेश में कहा है कि ईपीसीए की तरफ से जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन हो, जिससे वायु प्रदूषण को सीमित रखने में मदद मिल सके।
हवा नहीं सुधरी तो लागू होगा अगला चरण
पहले चरण में डीजल-पेट्रोल सेट पर पाबंदी लगाने के बाद अगर हवा की गुणवत्ता गंभीर स्तर पर चली जाती है तो स्टोन क्रशर, हॉट मिक्स प्लांट व ईंट भट्ठे बंद होंगे। साथ ही सड़कों की मैकेनाइज्ड क्लीनिंग के साथ नियमित अंतराल पर पानी का छिड़काव करना होगा। फिर भी, अगर हालात नहीं सुधरते तो दिल्ली में ट्रकों का प्रवेश बंद करने व ऑड-ईवन सरीखे आपात कदम उठाने पड़ेंगे।