Delhi School Admission: 11वीं के दाखिले 22 मई से शुरू, तीन चरणों में होगा दाखिला; पहले पढ़ लें ये गाइडलाइन
Delhi Non Plan Admission:10वीं कक्षा के परिणाम जारी होने के बाद दिल्ली के सरकारी स्कूलों में 11 वीं के नॉन प्लान दाखिले की प्रक्रिया 22 मई से शुरू होगी। तीन चरणों में दाखिले की प्रक्रिया होगी। पहला चरण 22 मई से 29 जून तक चलेगा। वहीं साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स स्ट्रीम में दाखिला लेने के लिए क्राइटेरिया भी जारी हो गया है।
विस्तार
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से दसवीं के नतीजे घोषित होने के बाद अब सरकारी स्कूलों की ग्यारहवीं कक्षा के लिए नॉन प्लान दाखिले शुरू होने जा रहा है। दाखिला प्रक्रिया तीन चरणों में होगी। पहले चरण के तहत ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 22 मई दोपहर 12 बजे से शुरू होने जा रही है जो कि सात जून शाम पांच बजे तक चलेगी।
ऑनलाइन भी कर सकते हैं पंजीकरण
ऑनलाइन पंजीकरण शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट www.edudel.nic.in से किया जा सकेगा। दाखिले के दूसरा चरण के लिए पंजीकरण प्रक्रिया एक जुलाई से 10 जुलाई तक और तीसरे चरण की प्रक्रिया एक अगस्त से 10 अगस्त तक चलेगी। सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों से दसवीं की परीक्षा पास करने वाले पंजीकरण नहीं कर सकते हैं। उन्हें दाखिले के लिए अपने स्कूल में ही संपर्क करना होगा।
नॉन प्लान दाखिले के तहत निजी स्कूल से सरकारी स्कूल में आने वाले बच्चे दाखिला ले सकते हैं। दाखिले के लिए दिल्ली का निवासी होना जरूरी है। शिक्षा निदेशालय ने ग्यारहवीं में नॉन प्लान दाखिले के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। दिशा निदेशों में दाखिला शेड्यूल व दाखिला मानकों को जारी किया गया है। पहले चरण के तहत सात जून को पंजीकरण प्रक्रिया समाप्त होने के बाद पंजीकृत बच्चों को आवंटित स्कूल की सूची 18 जून को जारी की जाएगी। इसके बाद 19 जून से 29 जून तक छात्रों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
दूसरे चरण के तहत पंजीकृत बच्चों को आवंटित स्कूल की सूची 22 जुलाई को जारी की जाएगी। 23 जुलाई से 31 जुलाई तक छात्रों के दस्तावेजों का सत्यापन होगा। तीसरे चरण में 20 अगस्त को आवंटित स्कूल की सूची जारी की जाएगी और 21 अगस्त से 31 अगस्त तक दस्तावेजों का सत्यापन होगा। दाखिले में एससी-एसटी, ओबीसी (नॉन क्रीमी लेयर) कश्मीरी विस्थापितों व राष्ट्रीय खेलों में पहला, दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त करने वालों को पांच फीसदी की छूट दी जाएगी। छात्र को एक बार स्कूल का आवंटन कर दिए जाने के बाद उसमें बदलाव नहीं किया जाएगा।
साइंस, कॉमर्स व आर्ट्स में दाखिले के लिए क्राइटेरिया
ग्यारहवीं में साइंस स्ट्रीम के साथ गणित लेने के इच्छुक छात्रों का दसवीं में कुल 55 फीसदी अंकों के साथ पास होना जरूरी है। इसके अलावा साइंस, अंग्रेजी व स्टैंडर्ड या बेसिक गणित में 50-50 फीसदी अंक होना जरूरी है। साइंस स्ट्रीम को गणित के बिना लेने के लिए दसवीं में 55 फीसदी के साथ पास होना जरूरी है। इसके साथ ही अंग्रेजी व साइंस में 50 फीसदी और स्टैंडर्ड या बेसिक गणित में 40 अंकों की अनिवार्यता रखी गई है।
कोई छात्र कॉमर्स स्ट्रीम के साथ गणित लेने का इच्छुक है तो उसके लिए 55 फीसदी के साथ पास होना जरूरी है। जबकि अंग्रेजी, सोशल साइंस में 45-45 फीसदी और स्टैंडर्ड गणित या बेसिक गणित में 50 फीसदी अंक की अनिवार्यता रखी गयी है। गणित के बिना कॉमर्स लेने के लिए भी पास प्रतिशत 50 फीसदी होना चाहिए।
इसके अलावा अंग्रेजी और सोशल साइंस में 45-45 फीसदी अंक और स्टैंडर्ड गणित और बेसिक गणित में 50 फीसदी अंक जरूरी है। आर्ट्स (ह्यूमेनिटीज) में दाखिले के लिए केवल दसवीं में पास होना जरूरी है। यदि किसी को आर्ट्स के साथ इकोनॉमिक्स विषय भी पढ़ना है तो इसके लिए 45 फीसदी अंक अनिवार्य हैं और गणित पढ़ना है तो उसके लिए 50 फीसदी अंक तय किए गए हैं।