आज से शुरू होगा नामांकन, चुनावी रण में युद्ध की तैयारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए बुधवार को चुनाव अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामांकन के लिए 70 सीटों पर 70 रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) तैनात किए गए है।
आरओ विधानसभा सीट के जिस जिले में हैं वहीं पर बैठेंगे। दिल्ली चुनाव के लिए 14 जनवरी से शुरू हो रही नामांकन प्रक्रिया 21 जनवरी तक चलेगी। 22 जनवरी तक नामांकन पत्रों की जांच होगी और 24 जनवरी तक नाम वापस लिया जा सकेगा।
नामांकन प्रक्रिया सुबह 11 से लेकर तीन बजे तक चलेगी। यानी इस दौरान जो भी परिसर में पहुंच जाएगा उसका नामांकन पत्र दाखिला किया जाएगा। मतदान 7 फरवरी को होंगे जिसके परिणाम 10 फरवरी को आएंगे। नामांकन के दौरान चुनाव आयोग ने सुरक्षा के कड़े उपाय किए हैं। पूरी नामांकन प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिग की जाएगी।
हर प्रचार का देना होगा हिसाब
चुनाव अधिकारियों ने बताया कि नामांकन करने से पहले प्रत्याशी को अपना एक बैंक अकाउंट खोलना होगा। वह अकाउंट सिर्फ चुनाव के दौरान खर्चों के लेन देन के लिए इस्तेमाल करना होगा।
इसके अलावा फॉर्म में सभी कॉलम में सूचनाएं देनी होंगी। ऐसा नहीं करने पर नामांकन रद्द कर दिया जाएगा। आयोग ने इस बार दो शपथ पत्रों की संख्या घटाकर एक कर दी है।
इस बार इसमें कुछ छूट जाने या गलत होने पर बदलाव का मौका दिया जाएगा। यानी अगर कोई कॉलम छूट भी गया है तो नोटिस जारी किया जाएगा। तब भी जवाब नहीं देने पर नामांकन रद्द कर दिया जाएगा।
सोशल मीडिया अकाउंट की देनी होगी जानकारी
नामांकन के दौरान उम्मीदवार को अपने मोबाइल नंबर के अलावा फेसबुक, ट्विटर या व्हाट्स ऐप जैसे सोशल मीडिया अकाउंट की भी जानकारी देनी होगी। यह देना अनिवार्य होगा। ऐसा नहीं करने पर उसे नोटिस जारी हो सकता है। इन पर भी प्रचार के दौरान पोस्ट होने वाले पोस्टर बैनर की मंजूरी एमसीएमसी कमेटी से लेनी होगी।