बुलंदशहर। बाइक बोट के नाम पर करोड़ों रुपये के घोटाले में फरार भूदेव के खिलाफ नगर कोतवाली में न्यायालय के आदेश की अवहेलना के आरोप में एक और एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी भूदेव पर ईओडब्ल्यू की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है। करीब दस दिन पहले भी आरोपी भूदेव के खिलाफ नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है।
नगर कोतवाली में क्राइम ब्रांच के निरीक्षक नरेश कुमार शर्मा की ओर से दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया गया कि फरवरी 2020 में बाइक बोट घोटाले के संबंध में नगर कोतवाली में आरोपी संजय भाटी, सचिन भाटी, आदेश भाटी, विदेश भाटी, राजेश भारद्वाज, करनपाल सिंह, विजयपाल कसाना, भूदेव पुत्र महावीर सिंह समेत 11 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। वर्तमान में इस मुकदमे की विवेचना उनके द्वारा की जा रही है। इस मुकदमे में आरोपी भूदेव सिंह निवासी अनंता एंकलेव निकट अमयेश अस्पताल, कोतवाली नगर वांछित चल रहा है। काफी कोशिश के बावजूद उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। गत 27 मार्च 2021 को आरोपी भूदेव सिंह के खिलाफ सीजेएम न्यायालय से धारा 82 का आदेश हासिल कर पूर्व विवेचक द्वारा उसके घर पर नोटिस चस्पा कर दिया गया। इसके बावजूद आरोपी भूदेव सिंह ने न्यायालय में सरेंडर नहीं किया। आरोपी भूदेव द्वारा जान-बूझकर न्यायालय के आदेश की अवहेलना की जा रही है। नगर पुलिस ने आरोपी भूदेव सिंह के खिलाफ न्यायालय के आदेश की अवहेलना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नगर कोतवाली प्रभारी अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले में धारा 174-ए के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।