बेखौफ बदमाश: ग्राहक बनकर दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में घुसे, चकमा देकर अंजाम दी वारदात, सीसीटीवी कैमरे में कैद
ज्वेलरी शॉप से बदमाश करीब 380 ग्राम सोने की ज्वेलरी चोरी कर ले गए। इसके लिए करीब 15 मिनट तक दोनों बदमाश दुकान के अंदर रहे। दुकानदार का कहना है कि बदमाश उनकी कमाई लेकर चले गए। उनके पांच बेटियां व एक बेटा है। कुछ महीनों में उनकी बेटी की शादी भी होनी थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भीड़भाड़ वाली अट्टा मार्केट में जूलर शॉप से दिनदहाड़े दो बदमाश करीब 19 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी कर फरार हो गए। मंगलवार दोपहर दो युवक दुकान में ज्वेलरी खरीदने के बहाने घुसे थे। दोनों बदमाश दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। मामले में कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस की टीम जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-27 स्थित अट्टा मार्केट की गली नंबर दो में कामाख्या ज्वेलर्स के नाम से दिल्ली निवासी सुदेव भास्कर की दुकान है। दोपहर करीब एक बजे दो बदमाश दुकान में दाखिल हुए और चांदी का बिछुवा दिखाने के लिए कहा। दोनों ने 290 रुपये में बिछुवा खरीद लिया और सोने का लॉकेट दिखाने की बात कही। सुदेव ने कई लॉकेट दिखाए, लेकिन दोनों आरोपी पसंद न होने की बात कहकर और दिखाने के लिए कहने लगे। इसके बाद सुदेव ने तिजोरी से सोने का लॉकेट निकालकर दिखाया और पहले से दिखा रहे ज्वेलरी के दो डब्बे काउंटर के पास ही रख दिए।
सुदेव जैसे ही और ज्वेलरी निकालने में व्यस्त हुए तो टोपी पहने एक बदमाश ने ज्वेलरी से भरे दो डिब्बे पैंट के नीचे छिपा लिए और धीरे से दुकान से बाहर निकल गया। दूसरा साथी दुकान में ही मौजूद रहा। कुछ सेकेंड में ही दूसरा बदमाश लॉकेट पसंद नहीं आने की बात कहकर निकल गया। इसके बाद दुकानदार ने देखा कि सोने की ज्वेलरी से भरे दो डिब्बे गायब हैं। वह जल्दी से दुकान से बाहर निकले, लेकिन बदमाश फरार हो चुके थे।
पुलिस का कहना है कि बदमाशों ने रेकी के बाद वारदात अंजाम दी है। दुकानदार सुदेव की बेटी हिना भास्कर का कहना है कि एक-दो लोग कुछ दिनों से लगातार आसपास दिख रहे थे और दुकान के अंदर ताकझांक भी कर रहे थे। तंग गली में हुई यह घटना बगैर रेकी के संभव नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश मुख्य सड़क पर बाइक खड़ी कर तंग गली से पैदल ही दुकान तक आए थे।
ज्वेलरी शॉप में चोरी की घटना ने कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस की सक्रियता व सख्ती की पोल खोल दी है। घटना के बाद कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस मौके पर पहुंची और केवल सीसीटीवी फुटेज देखकर खानापूर्ति कर चली गई। दुकानदारों का आरोप है कि कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस से कई बार अट्टा मार्केट में बेहतर तरीके से गश्त करने की मांग की गई, लेकिन पुलिस सुरक्षा या गश्त के लिए मार्केट में नहीं आती है। अगर आती भी है तो खानापूर्ति ही की जाती है।
चौकी अट्टा मार्केट में होनी चाहिए और मार्केट के अंदर ही पुलिस की ड्यूटी लगाई जानी चाहिए, तभी इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगेगा। - डॉ. सीबी झा, अध्यक्ष, अट्टा मार्केट टेडर्स वेलफेयर एसोसिएशन
मामले में पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। घटनास्थल व आसपास की सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग हाथ लगे हैं। घटना में शामिल आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -रणविजय सिंह, एडीसीपी नोएडा