UP: नए सत्र के पहले दिन हाथों में होंगी किताबें, बेसिक शिक्षा विभाग ने दिया 3.5 लाख किताबों का ऑर्डर
जनपद के चारों ब्लॉक में करीब 80 हजार छात्र नामांकित हैं। जिसमें सबसे अधिक बिसरख और दादरी ब्लॉक में सबसे अधिक छात्र हैं। परिषदीय स्कूलों में सुविधाएं बेहतर होने के बाद लगातार नामांकन कम हो रहा है।
विस्तार
नए सत्र के पहले दिन से परिषदीय स्कूलों के छात्रों के हाथों में नई किताबें होंगी। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से करीब 3.5 लाख किताबों का ऑर्डर दे दिया गया है, जिससे समय पर जनपद में किताबें आ जाएं। उन्हें फरवरी में ही ब्ल़ॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) पर पहुंचाया जा सके। ब्ल़ॉक संसाधन केंद्र से स्कूलों को मार्च में ही किताबें मिल जाएं।
निजी स्कूलों की बराबरी करने के लिए बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से एक अप्रैल से नए सत्र की शुरूआत कर दी गई है, लेकिन नए सत्र के कई महीने बीत जाने के बाद भी छात्रों के हाथों में किताबें नहीं होती थी। जिससे विभाग को काफी किरकिरी का सामना करना पड़ता था। पुराने सत्रों से सबक हुए इस बार नए सत्र के लिए किताबों के वर्क ऑर्डर दिसंबर में ही दे दिए गए हैं। जनवरी के अंतिम सप्ताह में किताबों की पहली खेप जनपद में पहुंच जाएगी।
समय पर होगा किताबों का सत्यापन
किताबों के सत्यापन के लिए कमेटी के गठन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। किताबों के आने के कई महीनों तक कमेटी का गठन नहीं होने के कारण सत्यापन नहीं हो पाता था, जिससे किताबें होने के बाद भी छात्रों की पहुंच से दूर रहती थीं। विभाग नए सत्र से इन कमियों को दूर करने में लगा हुआ है। सत्यापन कमेटी में एसडीएम से लेकर अन्य अधिकारी शामिल होंगे।
इन किताबों का दिया गया ऑर्डर
कक्षा चार से लेकर 8वीं तक के छात्रों के लिए हिंदी, अंग्रेजी, गणित, पर्यावरण अध्ययन, संस्कृत, विज्ञान, भूगोल, स्काउट एंड गाइड, इतिहास, कृषि विज्ञान, गृह कौशल के साथ अन्य विषयों की किताबों का ऑर्डर दिया गया है। वहीं, कक्षा 1 से लेकर 3 तक के छात्रों को एनसीईआरटी की किताबें उपलब्ध कराई जाएगी।
511 स्कूलों में करीब 80 हजार छात्र
जनपद के चारों ब्लॉक में करीब 80 हजार छात्र नामांकित हैं। जिसमें सबसे अधिक बिसरख और दादरी ब्लॉक में सबसे अधिक छात्र हैं। परिषदीय स्कूलों में सुविधाएं बेहतर होने के बाद लगातार नामांकन कम हो रहा है। विभाग की ओर से नामांकन कम होने का कारण खोजा जा रहा है। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षकोें को निर्देश दिए गए हैं कि घर-घर जाकर शासन की ओर से चलाई जा रही योजनाओं के बारे में अवगत कराया जाए। जिससे स्कूलों में नामांकन बढ़ सके।
नए सत्र के लिए दिसंबर में 3.5 लाख किताबों का वर्क ऑर्डर दे दिया गया है। जनवरी के अंतिम सप्ताह तक किताबों को पहले चरण का सत्यापन करा लिया जाएगा। उसके बाद बीआरसी पर किताबों को भेजकर स्कूलों में भेजा जाएगा। किताबें हर स्कूल में पहुंचेगी। कोई शिक्षक किताबें लेने के लिए नहीं आएगा। - राहुल पंवार,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी