यूपी: रेस्त्रां मालिक और डिलीवरी बॉय के बीच हुआ विवाद, बीच में कूदे बदमाशों ने चलाई गोली
रेस्त्रां के कर्मचारी और स्विगी के डिलीवरी बॉय के बीच बहस हो रही थी। इसी दौरान स्वर्ण नगरी से आ रहे कुछ बदमाश विवाद में कूद पड़े और नशे में रेस्त्रां मालिक की हत्या कर दी।
विस्तार
बीटा-2 थाना क्षेत्र में हुई इस घटना पर लगी पुलिस ने 15 घंटे में खुलासा करते हुए तीनों बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। बुधवार दोपहर मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दो अन्य को पुलिस ने दौड़ा कर पकड़ लिया।
दादरी निवासी सुनील अग्रवाल ग्रेटर नोएडा स्थित मित्रा सोसाइटी में जमजम रेस्टोरेंट के नाम से रेस्त्रां संचालित करते थे। रेस्त्रां से जोमैटो व स्विगी ऑनलाइन प्लेटफार्म के लिए खाना ऑर्डर किया जाता है। मंगलवार रात करीब 12 बजे रेस्त्रां में ऑनलाइन आर्डर की डिलिवरी लेने आए स्विगी के डिलीवरी बॉय से रेस्त्रां में कार्यरत कर्मचारी नारायण से विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर रेस्त्रां मालिक सुनील अग्रवाल बीच-बचाव करने आए। इस दौरान वहां नजदीक ही खड़े तीन लोग विवाद के बीच में रेस्त्रां मालिक को अपशब्द कहने लगे। रेस्त्रां मालिक के विरोध करने पर बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल सुनील अग्रवाल को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
बाइक के नंबर से धरे गए बदमाश
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा विशाल पांडेय ने बताया कि घटना की छानबीन करने पर संदिग्ध बाइक नंबर से काफी मदद मिली थी। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें बनाई गईं। वहीं, जगह-जगह पर चेकिंग शुरू कर दी गई। बुधवार दोपहर बाद यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट के पास बाइक सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। बाइक का नंबर संदिग्ध देख पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे भागने लगे।
घेराबंदी पर बदमाशों ने फायरिंग की तो पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जिसकी पहचान विकास चौधरी निवासी अनूपशहर बुलंदशहर के रूप में हुई। पुलिस ने पीछा कर दो अन्य बदमाशों देवेंद्र व सुनील निवासी अनूपशहर जनपद बुलंदशहर को दौड़ाकर पकड़ा। बदमाशों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल, कारतूस, बाइक व दो तमंचे बरामद हुए हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार बदमाशों ने रेस्त्रां संचालक की हत्या करना कुबूल किया है।
राइडर-नौकर की बहस में स्वयं कूद पड़े थे बदमाश
एडीसीपी ने बताया कि आरोपी सेक्टर स्वर्णनगरी से नोएडा सेक्टर-59 जाने के लिए निकले थे। रास्ते में मित्रा सोसायटी के पास स्विगी और जोमैटो के कुछ राइडर खड़े थे। जिनको देखकर अभियुक्त खाना-खाने के विषय में पूछने लगे। इसी बीच रेस्त्रां में कार्यरत नौकर से स्विगी के राइडर की बहस हो रही थी। शराब के नशे में धुत आरोपियों की भी नौकर से कहासुनी हो गई।
विवाद बढ़ने पर सुनील अग्रवाल भी वहां आ गए। बदमाशों ने सुनील अग्रवाल से भी अपशब्द कहे। विरोध करने पर शराब के नशे में धुत विकास चौधरी व देवेंद्र समेत तीनों बदमाशों ने रेस्त्रां मालिक को गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों फरार हो गए।
तीनों बदमाशों में एक स्वीगी का रह चुका है राइडर
पुलिस के अनुसार तीनों बदमाशों में से एक बदमाश करीब डेढ़ वर्ष पूर्व स्विगी का राइडर रहा है। इस बदमाश की कहीं सुनील अग्रवाल से रंजिश तो नहीं थी, इसकी भी पुलिस जांच कर रही है। वहीं, पुलिस तीनों बदमाशों का रिकार्ड भी खंगाल रही है।