नूंह। विश्व पर्यावरण दिवस पर रविवार को जिला पुलिस द्वारा सभी थाने-चौकियों में सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान थाने के सभी पुलिसकर्मियों ने साफ-सफाई की। पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला के मार्गदर्शन पर पुलिसकर्मियों ने वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए साफ-सफाई की। उन्होंने ऑपरेशन क्लीन के तहत जिले के सभी थानों, चौकियों तथा लाइन परिसर में स्वच्छता के लिए श्रमदान किया।
पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने बताया अभियान के तहत सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, स्टाफ प्रभारी सहित अन्य स्टाफ ने सभी थानों, चौकी व पुलिस लाइन परिसर में पेड़ों के सूखे पत्ते, झाड़ियां, घास और क चरा को हटाकर साफ-सफाई की। वातावरण को स्वच्छ एवं अनुकूल बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने का भी आह्वान किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस लाइन, थाना, स्टाफ व चौकी परिसर को स्वच्छ तथा सुंदर बनाए रखने के लिए हर सप्ताह रविवार को साफ-सफाई करने के लिए श्रमदान किया जाएगा। उन्होंने जनता से भी अपील कि है कि मानव की आवश्यकताएं भोजन, कपड़ा और मकान हैं। लेकिन, बढ़ती आबादी से ग्लोबल वार्मिंग, वर्षा, बाढ़ और सूखा जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं को ध्यान में रखकर ज्यादा से ज्यादा वृक्षारोपण करें, कूड़ेदान का उपयोग करें, पॉलीथीन का उपयोग न करें तथा पर्यावरण को स्वच्छ बनाये रखने में अपना बहुमूल्य सहयोग दें ।