तावडू। उपमंडल में पिछले 2 दिनों से खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा राशन वितरण केंद्रों पर लाभार्थियों को राशन वितरण किया जा रहा है। इस बार जिला प्रशासन के आदेश पर डिपो धारकों द्वारा उन्हें ही राशन वितरित किया गया, जिन्होंने कोराना वैक्सीन लगवाई थी। शनिवार को राशन वितरण के दौरान जिला प्रशासन के इस कदम का कई गांवों में विरोध भी शुरू हो गया। विरोध बढ़ता देख डिपो धारकों को राशन वितरण बंद करना पड़ा। बाद में पुलिस की मौजूदगी में राशन वितरण कराया गया।
तावडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रवर चिकित्सा अधिकारी जगविंदर जाखड़ ने बताया कि शनिवार को राशन वितरण केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से लाभार्थियों को वैक्सीन लगवाने के लिए एक टीम भेजी गई थी। सभी राशन वितरण केंद्रों पर बड़ी संख्या में वैक्सीन लगाई गई। लेकिन, उपमंडल के गांव चिलावली, ग्वारका, पढेनी , पीपाका सहित कई गांवों के कुछ लोगों ने इसका विरोध करते हुए वैक्सीन लगवाने से इंकार कर दिया। ऐसे लोगों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से समझाने का प्रयास किया गया। वहीं, खाद्य एवं आपूर्ति निरीक्षक चांद सिंह ने बताया कि तावडू उपमंडल के अंतर्गत कुल 52 राशन वितरण केंद्र हैं, जिन पर राशन वितरण जारी है। जिला प्रशासन के आदेश पर वैक्सीन की डोज लगवाने वालों को ही राशन वितरण किया जा रहा है। शनिवार को कई लोगों ने राशन वितरण के दौरान वैक्सीन लगवाने से इनकार करते हुए प्रशासन के आदेश का विरोध किया। राशन वितरण में खलल करने की कोशिश की गई तो पुलिस बुलाकर राशन दिया गया। उन्होंने बताया कि वैक्सीन का विरोध करने वालों की सूचना एसडीएम को दी गई थी।