विला में 15 लाख की लूट का खुलासा: मुठभेड़ के बाद चार बदमाश गिरफ्तार, हाई-प्रोफाइल सोसाइटी में की थी लूटपाट
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी के एक विला में देर रात महिला को चाकू की नोक पर बंधक बना लिया गया और लाखों रुपये के जेवर व नकदी लूटी गई थी। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई। इस मामले में पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर पुलिस और सर्विलांस टीम ने रविवार सुबह हुई मुठभेड़ के बाद चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर हाल ही में हुई लूट और चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो साथी घेराबंदी कर दबोच लिए गए। आरोपियों के कब्जे से चार अवैध तमंचे, कारतूस, वारदात में प्रयुक्त टैक्सी कार, विदेशी मुद्रा, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, विदेशी कंपनियों की महंगी घड़ियां और अन्य सामान बरामद किया गया है। सभी आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है और वे रात के समय घरों में घुसकर चोरी व लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे।
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र सिंह के अनुसार, रविवार सुबह थाना सूरजपुर पुलिस और सर्विलांस टीम तिलपता गोलचक्कर के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान 130 मीटर रोड पर डी पार्क की ओर से एक सफेद रंग की टैक्सी (डीएल-1जेडडी-3130) आती दिखाई दी। पुलिस ने शक होने पर वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी और तेज रफ्तार में वाहन मोड़कर निर्माणाधीन एमटेक कंपनी के पास सूरजपुर रेलवे स्टेशन की ओर भागने लगे।
पुलिस ने पीछा किया तो बदमाश टैक्सी छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। भागते समय उन्होंने पेड़ों और वाहनों की आड़ लेकर पुलिस पर दोबारा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश घायल होकर गिर पड़े। घायल बदमाशों की पहचान वीरपाल (25) और विजयपाल (21) के रूप में हुई। दोनों मूल रूप से थाना सोरों, जिला कासगंज क्षेत्र के रहने वाले हैं और वर्तमान में सूरजपुर क्षेत्र में रह रहे थे।
इसी दौरान उनके दो साथी अर्जुन कश्यप (21) और अवधेश (21) जंगल के रास्ते भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार अवैध .315 बोर तमंचे, चार खोखा कारतूस, चार जिंदा कारतूस, वारदात में प्रयुक्त टैक्सी कार, विभिन्न देशों की 56 विदेशी मुद्राएं, टाइटन और मोंटब्लांक कंपनी की दो महंगी घड़ियां, सोने की चेन, अंगूठी, ओम आकार का लॉकेट, कान के झुमके, टूटी हुई चेन के कई टुकड़े, एक चांदी की चेन, 14,275 रुपये भारतीय मुद्रा और एक जापानी मुद्रा बरामद की है। बरामद आभूषणों के संबंध में पुलिस जांच कर रही है कि वे किन वारदातों से जुड़े हैं।
पैरा माउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी में दो घरों में घुसकर चोरी और लूट की वारदात
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने चार और पांच जुलाई की रात पैरा माउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी में दो घरों में घुसकर चोरी और लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में सूरजपुर थाने में पहले से मुकदमा दर्ज है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गौतमबुद्ध नगर और आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है। पुलिस अन्य मामलों में भी इनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
कासगंज से जुड़ा है गैंग
जांच में सामने आया कि चारों आरोपी मूल रूप से कासगंज जिले के सोरों थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पिछले कुछ समय से वे सूरजपुर क्षेत्र में किराये पर रह रहे थे। यहीं से वे रात के समय अलग-अलग इलाकों में रेकी कर सुनसान और पॉश कॉलोनियों को निशाना बनाते थे। पुलिस के अनुसार गैंग पहले दिन में इलाके की निगरानी करता था और रात में घरों में घुसकर चोरी और लूट की वारदात करता था। भागने के लिए टैक्सी का इस्तेमाल किया जाता था ताकि किसी को उन पर संदेह न हो।
वीरपाल पर 17 से अधिक मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गैंग का सरगना वीरपाल बेहद शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ कासगंज और गौतमबुद्ध नगर में चोरी, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, धोखाधड़ी और समाज विरोधी गतिविधि निवारण अधिनियम सहित 17 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2016 से लगातार उसके खिलाफ विभिन्न थानों में केस दर्ज होते रहे हैं।
विजयपाल पर भी कई मुकदमे
दूसरे घायल आरोपी विजयपाल पर भी कासगंज और गौतमबुद्ध नगर में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह भी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था।
दो अन्य आरोपी भी अपराधी
गिरफ्तार अर्जुन कश्यप और अवधेश का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। दोनों के खिलाफ सूरजपुर थाने में हालिया लूट और चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों गैंग के सक्रिय सदस्य हैं और वारदात के दौरान रेकी, निगरानी और भागने में सहयोग करते थे।
अन्य घटनाओं से भी जुड़ सकते हैं तार
गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। आशंका है कि गैंग ने गौतमबुद्ध नगर के अलावा आसपास के जिलों में भी कई वारदातों को अंजाम दिया है। बरामद विदेशी मुद्रा, महंगी घड़ियां और आभूषणों के आधार पर पुराने मामलों का मिलान कराया जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए गैंग के नेटवर्क की भी जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। उनसे पूछताछ के आधार पर अन्य फरार अपराधियों और चोरी-लूट के माल की खरीद-फरोख्त करने वाले लोगों की भी तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई को सूरजपुर पुलिस और सर्विलांस टीम की बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि हाल के दिनों में हुई कई चोरी और लूट की घटनाओं के खुलासे की उम्मीद इस गिरफ्तारी से बढ़ गई है।
विला में महिला को बनाया था बंधक
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी के एक विला में देर रात बदमाश ने घुसकर महिला को चाकू की नोक पर बंधक बना लिया और लाखों रुपये के जेवर व नकदी लूटकर फरार हो गया। तहरीर के अनुसार, पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट, यूपीएसआईडीसी साइट-सी ग्रेटर नोएडा निवासी अर्पणा अपने परिवार के साथ रहती हैं। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई की रात करीब 11 बजे परिवार के सभी सदस्य सो गए थे। रविवार तड़के करीब 3:30 बजे उनके मास्टर बेडरूम में अचानक एक अज्ञात व्यक्ति घुस आया। उस समय वह अपने बेटे और बेटी के साथ कमरे में सो रही थीं, जबकि उनकी सास नीचे के कमरे में थीं। उनके पति काम के सिलसिले में बंगलूरू गए हुए थे।
डर के कारण महिला विरोध नहीं कर सकीं
पीड़िता का आरोप है कि बदमाश ने उनके साथ मारपीट करने का प्रयास किया। उसके हाथ में चाकू था और उसने विरोध करने पर चाकू से हमला करने और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण महिला विरोध नहीं कर सकी। इसके बाद आरोपी घर में रखे कीमती सामान समेटकर फरार हो गया। तहरीर के अनुसार, बदमाश दो सोने की चेन, दो अंगूठियां, कानों के दो जोड़े, अन्य सोने के आभूषण तथा घर में रखी 35 हजार रुपये की नकदी लूट ले गया। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई।
महिला ने पुलिस को बताया कि घटना के समय घर में केवल एक ही बदमाश घुसा था। उन्होंने उसका चेहरा देखा है और दोबारा सामने आने पर पहचान करने की बात कही। अब पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए चार बदमाशों को दबोचा है। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है।