Greater Noida: ग्रेनो डिपो स्टेशन से बोड़ाकी तक मेट्रो और हिंडन पर पुल को मिली हरी झंडी
रेल यात्री दादरी-गाजियाबाद नहीं बल्कि सीधे ग्रेनो और नोएडा जा सकेंगे। मेट्रो ट्रैक की करीब 2.6 किमी की दूरी की डीपीआर तैयार हो गई है और जल्द ही नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) को भेजी जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा के डिपो स्टेशन तक चलने वाली मेट्रो को बोड़ाकी तक जोड़ा जाएगा। इससे हजारों दैनिक यात्रियों को सहूलियत होगी। रेल यात्री दादरी-गाजियाबाद नहीं बल्कि सीधे ग्रेनो और नोएडा जा सकेंगे। मेट्रो ट्रैक की करीब 2.6 किमी की दूरी की डीपीआर तैयार हो गई है और जल्द ही नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) को भेजी जाएगी। वहीं, बादौली-सेक्टर-146-147 के पास कई साल से अटके हिंडन पुल को भी हरी झंडी मिल गई है।
नोएडा प्राधिकरण अब बादौली के पास विवादित जमीन का अधिग्रहण करके ग्रेनो प्राधिकरण को देगा। इससे पुल का काम शीघ्र हो सकेगा और लोग सूरजपुर या परी चौक से जाने के बजाय एक्सप्रेसवे पर सीधे जा सकेंगे। वहीं, 2006 से पहले के ग्रुप हाउसिंग सोसाइटियों को कार्यपूर्ति प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए अंतिम अवसर देते हुए हजारों खरीदारों को राहत दी है। हालांकि बोर्ड ने समिति को सशुल्क भूखंड के कुल कीमत का सालाना आठ प्रतिशत राशि लेकर ग्रुप हाउसिंग सोसाइटियों को कार्यपूर्ति प्रमाणपत्र प्राप्त करने की अनुमति दी है।
फ्लैट खरीदारों की परेशानी देखते हुए बिल्डरों को कंपलीशन सर्टिफिकेट लेने के लिए छह माह का विस्तार दिया है। यह फैसले ग्रेनो प्राधिकरण की 127वीं बोर्ड बैठक में शुक्रवार को लखनऊ में लिए गए। बैठक की अध्यक्षता नोएडा, ग्रेनो और यमुना प्राधिकरण के चेयरमैन और अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार ने की। इसमें ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ सुरेंद्र सिंह, नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी और यीडा के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह शामिल हुए।
जुनपत और बोड़ाकी में बनेंगे दो स्टेशन
अधिकारियों ने बताया कि ग्रेनो डिपो से बोड़ाकी रेलवे स्टेशन तक मेट्रो रेल की करीब ढाई किमी का ट्रैक नहीं बना था, जबकि काफी समय पहले इसे मंजूरी मिल गई थी। कुछ कारणों से इसे आगे नहीं बढ़ाया गया था। बैठक में मेट्रो को बोड़ाकी तक पहुंचाने का निर्णय लिया है। इसमें डिपो से जुनपत में एक मेट्रो स्टेशन होगा, जबकि बोड़ाकी में दूसरा स्टेशन बनाया जाएगा। इस रूट के शुरू होने से यात्रियों को दादरी और गाजियाबाद नहीं जाना पड़ेगा। अभी कामकाजी लोग दादरी-गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर उतरकर ग्रेनो और नोएडा जाते हैं।
इससे हजारों दैनिक यात्रियों को सहूलियत होगी। वहीं, नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेनो के नॉलेज पार्क-5 तक प्रस्तावित मेट्रो परियोजना के लिए कास्टिंग यार्ड की के लिए सेक्टर-दो के पास जगह चिह्नित कर ली गई है। प्राधिकरण ने एनएमआरसी को इसकी सूचना दे दी गई है।
हिंडन पुल के लिए बौदाली की जमीन का प्राधिकरण करेगा अधिग्रहण
नॉलेज पार्क-तीन से नोएडा सेक्टर 146-147 के बीच हिंडन पर पुल का निर्माण शुरू किया गया था, मगर बादौली गांव के पास जमीनी विवाद होने के कारण पुल का काम अटका पड़ा है। इस पुल के निर्माण नहीं होने से परी चौक और डीएससी रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ रहा है, इसलिए यह पुल जल्द बनाने का निर्णय लिया। जिस जमीन को लेकर विवाद है उसे नोएडा प्राधिकरण अधिग्रहण कर ग्रेनो प्राधिकरण को देगा और पुल का काम पूरा हो सकेगा। इससे लोग एलजी चौके पास से नॉलेज पार्क थ्री होते हुए नोएडा सेक्टर-146 व 147 के बीच पुल को पार करते हुए नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे वर जा सकेंगे। इससे परी चौक और सूरजपुर दादरी छलेरा रोड का दबाव कम होगा।
20 हजार से ज्यादा खरीदारों का खुला रजिस्ट्री का रास्ता
बोर्ड बैठक में करीब 20 हजार खरीदारों के हित को देखते हुए दो अहम फैसले लिए हैं। इनमें साल-2006 से पहले की ग्रुप हाउसिंग सोसाइटियों को कार्यपूर्ति प्रमाणपत्र लेने के सशुल्क दो साल का अंतिम अवसर दिया है। इनसे भूखंड की कुल कीमत का सालाना आठ फीसदी (यानी 0.67 प्रतिमाह) शुल्क देकर ग्रुप हाउसिंग सोसाइटियों द्वारा कार्यपूर्ति प्रमाणपत्र लिया जा सकेगा। इसके अलावा बिल्डर परियोजनाओं फ्लैट खरीदारों की समस्या को देखते हुए ग्रुप हाउसिंग को भी छह माह का समय विस्तार किया है।