Greater Noida: आखिरी तारीख बीत गई, पर नहीं बन पाई साढ़े तीन लाख छात्रों की अपार आईडी
निजी स्कूलों के प्रबंधकों का आरोप है कि अपार आईडी का काम देख रहे डीसी की ओर से सही जानकारी नहीं दी गई। यदि समय से जानकारी दी जाती तो अब तक सभी छात्रों की अपार आईडी बन चुकी होती।
विस्तार
आखिरी तारीख बीत जाने के बाद भी जिले में साढ़े तीन लाख से ज्यादा छात्रों की अपार आईडी नहीं बन पाई है। चारों ब्लॉक के कई स्कूल के एक भी छात्र की अपार आईडी नहीं बनी है।। विभाग भी स्कूलों की नोटिस भेजकर अपनी जिम्मेदारी निभा दी है। हाल ही में बेसिक शिक्षा अधिकारी ने 450 निजी स्कूलों को मान्यता समाप्त करने की चेतावनी देकर इस मामले में जवाब मांगा था।
निजी स्कूलों के प्रबंधकों का आरोप है कि अपार आईडी का काम देख रहे डीसी की ओर से सही जानकारी नहीं दी गई। यदि समय से जानकारी दी जाती तो अब तक सभी छात्रों की अपार आईडी बन चुकी होती। प्राइवेट स्कूल संचालक सभी कार्य सबसे पहले करते हैं। अपार आईडी के लिए ऑनलाइन मीटिंग की गई। उसमें भी कई स्कूलों के लोग जुड़ ही नहीं पाए।
विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सरकारी स्कूलों के करीब 85 प्रतिशत छात्रों की अपार आईडी बन चुकी है। सबसे अधिक निजी स्कूलों के छात्रों की अपार आईडी नहीं बन पाई है। सरकारी स्कूलों के छात्रों की 5 फरवरी अपार आईडी बनवाई जानी थी। निजी स्कूलों के छात्रों के लिए कोई समय सीमा नहीं थी।
शिक्षक संकुल स्कूल में जाएंगे
विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिन स्कूलों में एक भी छात्र की अपार आईडी अब तक नहीं बन पाई है। उन स्कूलों में शिक्षक संकुलों को भेजा जाएगा। जिससे अधिक से अधिक छात्रों की अपार आईडी बनवाई जा सके। 200 से अधिक शिक्षक संकुल इस काम में लगाए गए हैं। जिसके कारण ही बेसिक शिक्षा विभाग के कर्मचारी स्कूलों में फोन कर रहे हैं।
आधार कार्ड में नाम की स्पेलिंग गलत
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सबसे अधिक समस्या अपार आईडी में आधार के कारण आ रही है। आधार कार्ड में नाम की स्पेलिंग गलत होने के कारण पोर्टल पर अपार आईडी जनरेट नहीं हो रही है। इसके साथ संशोधन में भी दिक्कतें हो रही हैं। अभिभावक अपार आईडी के कारण परेशान धूम रहे हैं।
निजी स्कूल संचालकों के साथ कई बार बैठक की गई। उन्हें अपार आईडी के बारे में सभी जानकारी भी दी गई। 85 प्रतिशत से अधिक सरकारी स्कूलों के छात्रों की अपार आईडी बन गई है। निजी स्कूलों की मान्यता खत्म करने के लिए नोटिस जारी किया गया है। - राहुल पंवार,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी