{"_id":"6ada01e9cbfc7efec90d48b1","slug":"jewellery-worth-around-one-crore-stolen-after-entry-into-locked-flat-in-greater-noida-2026-10-22","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"ग्रेनो में एक करोड़ के जेवर चोरी: फ्लैट में घुसे बदमाश, पहले ड्राइंग रूम में पी शराब, फिर तोड़ा अलमारी का लॉकर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ग्रेनो में एक करोड़ के जेवर चोरी: फ्लैट में घुसे बदमाश, पहले ड्राइंग रूम में पी शराब, फिर तोड़ा अलमारी का लॉकर
Thu, 22 Oct 2026 06:01 PM IST
अनुज कुमार
माई सिटी रिपोर्टर, ग्रेटर नोएडा
माई सिटी रिपोर्टर, ग्रेटर नोएडा
Published by: अनुज कुमार
Updated Thu, 22 Oct 2026 06:01 PM IST
सार
एटीएस डोल्से सोसायटी में एक बंद फ्लैट में घुसे बदमाशों ने शराब पी और गहने चुराकर फरार हो गए। परिवार के लौटने पर अलमारी का टूटा लॉकर मिला, जिसके बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश कर रही है।
विज्ञापन
बंद फ्लैट में चोरी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के जीटा-वन स्थित एटीएस डोल्से सोसायटी में बंद फ्लैट को निशाना बनाकर आरोपी अलमारी का लोकर तोड़कर सोने-चांदी के गहने चोरी कर ले गए। वारदात के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर फ्लैट के अंदर बैठकर शराब पी।
विज्ञापन
ड्राइंग रूम में शराब की खाली बोतल और गिलास मिलने के साथ ही बाथरूम में गंदगी मिलने का भी पीड़ित परिवार ने दावा किया है। परिवार फ्लैट पर ताला लगाकर बिहार स्थित अपने पैतृक गांव गया था। बुधवार देर रात लौटने पर चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर बृहस्पतिवार सुबह पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
विज्ञापन
पीड़िता अपर्णा झा के मुताबिक वह अपनी मां और परिवार के साथ एटीएस डोल्से सोसायटी के टावर नंबर पांच की चौथी मंजिल पर फ्लैट नंबर 5042 में रहती हैं। 17 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे वह फ्लैट पर ताला लगाकर परिवार के साथ बिहार के मुंगेर जनपद स्थित पैतृक गांव रतौठा गई थीं। 22 अक्टूबर की रात करीब 12:20 बजे वह वापस सोसायटी पहुंचीं। मेन गेट का ताला खोलकर फ्लैट के अंदर जाने पर सामान बिखरा मिला। जांच करने पर कमरे में रखी अलमारी खुली मिली। उसका लाकर टूटा हुआ था। उसमें रखे सोने-चांदी के गहने गायब थे।
विज्ञापन
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी अलमारी का लाकर तोड़कर उसके और उसकी मां के कीमती गहने चोरी कर ले गए। चोरी गए गहनों की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि पुलिस की जांच के बाद ही चोरी गए सामान और उसकी कीमत की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फ्लैट के अंदर शराब पीने और बाथरूम इस्तेमाल करने का दावा
पीड़ित परिवार का दावा है कि आरोपी चोरी करने के दौरान काफी देर तक फ्लैट के अंदर रहे। उन्होंने ड्राइंग रूम में बैठकर वहां रखी ब्लैक लेबल शराब की पूरी बोतल पी। मौके पर शराब की खाली बोतल और गिलास पड़े मिले। इसके अलावा आरोपियों द्वारा दोनों बाथरूम का इस्तेमाल किए जाने का भी दावा किया गया है। परिवार के अनुसार बाथरूम में गंदगी मिली, जिसे आरोपियों ने बिना फ्लश किए छोड़ दिया।
वारदात के बाद आरोपी फ्लैट से फरार हो गए। खास बात यह है कि फ्लैट के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा नहीं मिला। इससे पुलिस के सामने यह सवाल है कि आरोपी फ्लैट में किस रास्ते से दाखिल हुए। पुलिस डुप्लीकेट चाबी के जरिए दरवाजा खोले जाने, किसी खिड़की या पीछे के रास्ते से प्रवेश करने समेत अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है।
डांडिया आयोजन के दौरान बाहरी लोगों के प्रवेश पर सवाल
सोसायटी के कुछ निवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि नवरात्र के दौरान सोसायटी परिसर में डांडिया कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें बाहरी लोगों को भी प्रवेश की अनुमति दी गई थी। निवासियों को आशंका है कि इसी दौरान किसी आरोपी ने सोसायटी और फ्लैट की रेकी की हो और बाद में बंद फ्लैट को निशाना बनाया हो। हालांकि इस आशंका की अभी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।
पति से विवाद के पहलू पर भी जांच
पुलिस इस मामले में चोरी के अलावा पीड़िता के पारिवारिक विवाद के पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। पुलिस के अनुसार अपर्णा झा का उनके पति से विवाद चल रहा है और वह कई साल से पति से अलग रह रही हैं। ऐसे में पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस विवाद का चोरी की घटना से कोई संबंध तो नहीं है। हालांकि अभी तक पुलिस की जांच में इस संबंध में कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना के कुछ पहलू संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है। सोसायटी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।