नोएडा। सोशल मीडया पर महिलाओं से दोस्ती कर मंहगे गिफ्ट व कैश भेजने का झांसा देकर ठगी करने के आरोप में साइबर थाना पुलिस ने अफ्रीकी मूल के आइवरी कोस्ट निवासी नागरिक नडाफिर्मी को दिल्ली के महावीर एन्क्लेव से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शहर में रहने वाली एक आईटी इंजीनियर महिला से यूएस निवासी आईटी इंजीनियर की फेक प्रोफाइल बनाकर सोशल मीडिया पर दोस्ती की। महिला सामाजिक कार्यकर्ता है। आरोपी ने एनजीओ और बेसहारा बच्चों के लिए मंहगे गिफ्ट भेजने का झांसा देकर उसे जाल में फंसा लिया। इसके बाद कस्टम अधिकारी बनकर गिफ्ट के टैक्स के नाम पर करीब 10 लाख रुपये ठग लिए। महिला ने इसके बाद रुपए देने से इंकार किया तो मनी लांड्रिंग और आतंकी गतिविधियों में फंसाने का डर दिखाकर 18 लाख रुपए से ज्यादा रकम अलग-अलग अकाउंट में डलवा ली।
सेक्टर-36 थाना प्रभारी रीता यादव ने बताया कि यह साइबर अपराधियों का एक संगठित गिरोह है। सोमवार को आरोपी नडाफिर्मी (26) को महावीर एंक्लेव नई दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में इसने बताया है कि ये अफ्रीकी मूल का है और 12 वीं तक पढ़ा है। 2019 में टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था। इसके बाद दिल्ली में मानव बाल, अफ्रीकी फूड और रेडीमेड कपड़ों का काम करने लगा। लेकिन कोविड की पहली लहर में लॉक डाउन लगा तो कामकाज बंद हो गया। इस दौरान ये दिल्ली में ही अफ्रीकी मूल के दूसरे नागरिक एफ वनिफो के संपर्क में आया। इसके बाद उसके साथ ठगी के रैकेट में शामिल हो गया। अब तक ये अलग-अलग घटनाओं में सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर 15 महिलाओं के साथ दोस्ती कर तकरीबन 1.60 करोड़ रुपये की ठगी कर चुका था। इसके कब्जे से 5 मोबाइल, लैपटॉप, टैबलेट, राउटर, डोंगल व अन्य सामान बरामद हुआ है। साइबर थाना पुलिस को पीड़ित आईटी इंजीनियर महिला ने जून-2021 में यह शिकायत दी थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। आरोपी ठगी की रकम अपने देश में परिवार के पास विभिन्न माध्यम से भेजता रहा है। साइबर थाना प्रभारी रीता यादव ने बताया कि आरोपी के दूसरे भी साथी हैं, जो दिल्ली-एनसीआर में रहकर इस तरह की धोखाधड़ी कर रहे हैं। उनकी तलाश की जा रही है।