अब यह बहुत जरूरी है: गाड़ी बेच रहे हैं तो जरूर करें इस नियम का पालन, नहीं तो पुलिस कार्रवाई के लिए रहें तैयार
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह का कहना है कि एक से अधिक लोगों के स्वामित्व वाले वाहनों की औचक जांच और दस्तावेज के सत्यापन के लिए एक संगठित अभियान शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
विस्तार
अगर आप अपने वाहन को बेच रहे हैं तो आरटीओ में जरूर अपडेट कराएं। अपडेट नहीं कराएंगे तो पुलिस कार्रवाई करेगी। ग्रेटर नोएडा में छात्रा स्वीटी के सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद सेंट्रो कार की तलाशी के दौरान हजारों ऐसे वाहन मिले, जिनका पंजीकरण अपडेट नहीं था। इसके बाद पुलिस कमिश्नर ने अभियान चलाकर ऐसे वाहन मालिकों पर कार्रवाई करने व वाहन जब्त करने के आदेश दिए हैं।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह का कहना है कि एक से अधिक लोगों के स्वामित्व वाले वाहनों की औचक जांच और दस्तावेज के सत्यापन के लिए एक संगठित अभियान शुरू करने की तैयारी की जा रही है। दरअसल नए साल की पूर्व संध्या पर ग्रेटर नोएडा में हिट एंड रन मामले में जब पुलिस की टीम जांच कर रही थी, तब एक पखवाड़े से अधिक समय सेंट्रो कार का पता लगाने में लग गया था।
दरअसल हिट एंड रन मामले में कोई सुराग नहीं था। बस केवल एक सफेद सेंट्रो के बारे में पुलिस को जानकारी थी। इसके बाद पुलिस ने परिवहन विभाग से सेंट्रो की जानकारी ली तो पता चला कि गौतमबुद्धनगर में 12 हजार सेंट्रो कार पंजीकृत हैं। इसके बाद साक्ष्यों व इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर एक हजार कारों को शॉर्ट लिस्ट किया गया। इसके बाद चार सेंट्रो में से एक को ढूंढा।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि पुराने वाहनों के ऐसे मामले सामने आए हैं जिनके वास्तविक मालिकों का कोई पता नहीं चल पाया है, जिनका इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में किया जा रहा है। ऐसे कई वाहन स्वामी, वाहन चलाने वाले या सवारी ले जाने वाले, जिनके स्वामित्व या दस्तावेज को अपडेट नहीं किया गया है, वह अपराध में शामिल हो सकते हैं। इसके बाद अब गौतमबुद्धनगर के तीनों जोन नोएडा, सेंट्रल नोएडा और ग्रेटर नोएडा में पुलिस की टीमें जल्द ही ऐसे पुराने वाहनों की जांच शुरू करेंगी और कार्रवाई करेंगी।