पटाखों की ऑनलाइन डील: आलू बम, अनार और रॉकेट की लग रही बोली, व्हाट्सएप पर ऑर्डर; पैसे मिलते ही होम डिलीवरी
विभिन्न कंपनियों के पटाखों के फोटो व्हाट्सएप पर भेजकर उनके रेट बताकर ऑर्डर बुक किए जा रहे हैं। आरोपी ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर कराने के बाद घर पर ही पटाखे भेजने का दावा कर रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सुप्रीम कोर्ट के पटाखों की बिक्री और प्रयोग पर प्रतिबंध लगाने के बावजूद जिले में पटाखों की ऑनलाइन बिक्री जारी है। विभिन्न कंपनियों के पटाखों के फोटो व्हाट्सएप पर भेजकर उनके रेट बताकर ऑर्डर बुक किए जा रहे हैं। आरोपी ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर कराने के बाद घर पर ही पटाखे भेजने का दावा कर रहे हैं। हालांकि आरोपी अपनी दुकान या घर का पता बताने और कैश ऑन डिलिवरी देने से इंकार कर रहे हैं।
जिले में जारी अवैध खरीद बिक्री के आरोपी ने व्हाट्सएप के माध्यम से पटाखों के पैकेट के तस्वीर भेजी। आरोपी ने पटाखे बिक्री का पुराना काम बताकर ऑर्डर देने के कुछ घंटों में ही डिलिवरी का दावा किया। आरोपी ने चंद मिनटों में ही अलग-अलग ब्रांड के कई तरह के फोटो फिर से व्हाट्सएप पर भेज दिए। उसने तेज आवाज वाले आलू बम का के दस पीस के पैकेट की कीमत 350 रुपये बताई।
जबकि अनार के पैकेट की कीमत 300 रुपये और मीडियम साइज के रॉकेट की कीमत 500 रुपये से शुरू होने की बात कही। वॉइस चैटिंग में उसने कहा कि बड़े साइज का रॉकेट की कीमत 1200 रुपये है। आराेपी से डिस्काउंट की बात की गई तो उसने कहा कि अगर बाजार से कम रेट में हो तभी हमसे खरीदारी करना। आरोपी ने कहा कि भुगतान एडवांस और ऑनलाइन करना होगा। इसके बाद लोकेशन भेजने पर वह पटाखों की होम डिलिवरी कराएगा।
सावधान, हो सकते हैं ठगी के शिकार
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अंजान व्यक्ति से ऑनलाइन पटाखों की खरीद के चक्कर में आप ठगी के शिकार भी हो सकते हैं। आरोपी ऑनलाइन पटाखों का ऑर्डर लेकर पहले भुगतान करने की शर्त रखते हैं। ऐसे में रुपये लेने के बाद ठगी की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता।
दुकानदार भी छुपकर ले रहे ऑर्डर
ग्रेटर नोएडा शहर और कस्बे के लोगों का कहना है कि कुछ दुकानदार चोरी छुपे पटाखों के ऑर्डर ले रहे हैं। आरोपी स्टाॅक कहीं और रखे होने की बात कहकर पटाखे घर भेजने या फिर बाजार में ही पटाखे उपलब्ध कराने का दावा कर रहे हैं। इनमें कुछ दुकानदार पुराने स्टाक की बिक्री कर रहे हैं तो कुछ ने किसी ऐसे व्यक्ति से संपर्क कर लिया है, जिसके पास पटाखों का स्टाॅक है। हाल में ही नॉलेज पार्क और दादरी पुलिस ने पटाखों का जखीरा पकड़कर कार्रवाई भी की है।
ऑनलाइन प्रतिबंधित पटाखे की बिक्री करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में टीम को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। जो सामान मार्केट में नहीं मिल पाता, उसे बेचने के नाम पर कई बार ठग सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे में लोगों को भी सावधान रहने की आवश्यकता है।- रामबदन सिंह, डीसीपी, साइबर अपराध