ग्रेटर नोएडा चोरी गिरोह का पर्दाफाश: रेपिडो चालक निकला चोर गिरोह का मुखबिर, पुलिस मुठभेड़ में चार गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा पुलिस ने बंद मकानों में चोरी करने वाले चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में दो आरोपी घायल हुए। गिरोह के कब्जे से 51 लाख रुपये के सोने के आभूषण, चांदी, 11.27 लाख नकद, दो बाइक और अवैध हथियार बरामद किए गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने बंद मकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए शुक्रवार को चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो साथियों को कॉम्बिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से करीब 51 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, 1.25 लाख रुपये कीमत की चांदी, 11 लाख 27 हजार रुपये नकद, दो बाइक और चार अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को मोजर बियर गोलचक्कर के पास सर्विस रोड पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की दो बाइक पर सवार चार संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में वकील उर्फ रिजवान और सरफराज उर्फ फैज घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। वहीं उनके दो साथी भोले उर्फ भोला और अलीजान को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का सदस्य भोले उर्फ भोला पेशे से रैपिडो चालक है। वह नोएडा और ग्रेटर नोएडा की विभिन्न सोसायटियों में सवारी के बहाने आता-जाता था और बंद पड़े मकानों की जानकारी जुटाता था। इसके बाद वह यह सूचना अपने साथियों को देता था। गिरोह रात के समय ऐसे मकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देता था। आरोपी विशेष रूप से उन मकानों को निशाना बनाते थे जिनके मालिक लंबे समय से बाहर रहते थे या घर बंद होता था। चोरी के बाद आरोपी जेवरात और कीमती सामान को बेचकर नकदी में बदल देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में हाल के वर्षों में हुई कई बड़ी चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने इनके कब्जे से बरामद माल के आधार पर तीन प्रमुख मामलों का खुलासा किया है। पहला मामला थाना सूरजपुर क्षेत्र की पैरामाउंट सोसायटी का है, जहां 25 अप्रैल को एक मकान से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी की गई थी। पुलिस ने इस घटना से संबंधित 100 ग्राम के एक सोने के बिस्किट, दो 50-50 ग्राम के सोने के बिस्किट, सोने की चेन, हार, झुमके, अंगूठियां, कंगन, लॉकेट, नोज पिन, चांदी की पायल, बिछिया समेत कई आभूषण और करीब 8.50 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। दूसरा मामला 26 अक्तूबर को ग्राम जैतपुर के पास हुई चोरी का है। आरोपियों ने यहां से चोरी किए गए आभूषणों को बेचकर प्राप्त 2.55 लाख रुपये पुलिस को बरामद कराए हैं। तीसरा मामला सेक्टर-144 स्थित मगध एन्क्लेव का है, जहां 3 अप्रैल 2026 को एक मकान में चोरी की गई थी। इस घटना में चोरी किए गए सामान को बेचने से प्राप्त 15 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं।
चोरी का माल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल तीन सोने के बिस्किट और करीब 100 ग्राम सोने के अन्य आभूषण बरामद किए हैं। कुल मिलाकर लगभग 300 ग्राम सोना बरामद हुआ है, जिसकी कीमत करीब 51 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा करीब 450 ग्राम चांदी के आभूषण, 11 लाख 27 हजार रुपये नकद, दो बाइक और चार अवैध तमंचे भी बरामद किए गए हैं। बरामद हथियारों में चार बोर के तमंचे, छह कारतूस और चार खोखा कारतूस शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य पेशेवर अपराधी हैं और इनके खिलाफ उत्तर प्रदेश के कई जिलों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
मुख्य आरोपी वकील उर्फ रिजवान के खिलाफ सम्भल, गाजियाबाद, रामपुर और गौतमबुद्धनगर समेत विभिन्न जिलों में 30 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं सरफराज उर्फ फैज पर भी चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के 17 मुकदमे दर्ज हैं। भोले उर्फ भोला और अलीजान के खिलाफ भी चोरी और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े कई मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। गिरोह लंबे समय से एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय था और कई बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.