फार्म हाउस पर बढ़ी निगरानी, पुलिस गश्त तेज
नोएडा। इको फार्म हाउस में पूल पार्टी के खुलासे के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। अब यमुना किनारे बने फार्म हाउस पर इक्का-दुक्का लोग ही दिख रहे हैं। अधिकतर फार्म हाउस बंद हैं। वहां पुलिस की सक्रियता भी बढ़ा दी गई है। पुलिस शाम को यहां आने वाले हर वाहनों की चेकिंग कर रही है। शनिवार रात को सेक्टर-135 में ईको फार्म हाउस में एसएसपी वैभव कृष्ण ने छापेमारी की थी। इसमें बगैर अनुमित के पार्टी चल रही थी। इसमें 192 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। बुधवार को मुख्य आयोजनकर्ता व फार्म हाउस का मालिक अमित त्यागी, कपिल भाटी, पंकज शर्मा, अदनान, व बालेश कोहली को रिमांड पर लेकर पुलिस ने पूछताछ की थी। इस मामले के जांच अधिकारी अजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। वहीं एक्सप्रेस वे कोतवाली के प्रभारी हंसराज भदौरिया ने बताया कि यमुना खादर में बने फार्म हाउस में पुलिस की गश्त लगातार हो रही है। किसी तरह की अवैध गतिविधियां नहीं चलने दी जाएंगी।