नूंह। बुढ़ापा पेंशन हेतु आवेदन में जिले के कई लोगों द्वारा फर्जी जन्म प्रमाण पत्र देने का मामला सामने आया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी सरफराज खान ने बताया कि बुढ़ापा पेंशन के लिए आवेदन करने वालों में कई लोगों ने फर्जी जन्म प्रमाण पत्र का सहारा लिया है। जिनकी पहचान करने पर भादस के इब्राहिम पुत्र चंदर खां, अलावलपुर निवासी सुफेदी पत्नी रहीम, रेवासन निवासी रोशन पुत्र इब्राहिम व जैतूनी पत्नी फजरू के रूप में हुई है। इनके खिलाफ जिला समाज कल्याण अधिकारी ने पुलिस कप्तान को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।
उन्होंने बताया कि जिले में बड़े स्तर पर सीएससी सेंटर संचालकों द्वारा पेंशन सहित अन्य कार्यों के लिए आवेदन करने वाले लोगों की फर्जी आईडी बनाई जा रही है। सीएससी केंद्रों के माध्यम से ही ये आवेदन उनके पास आए हैं। उक्त सभी चारों लोगों ने पेंशन का लाभ प्राप्त करने के लिए फर्जी जन्म प्रमाण पत्रों का सहारा लिया। जब इन जन्म प्रमाण पत्रों के बारे में उन्होंने सिविल सर्जन कार्यालय से जानकारी ली तो इनका कोई रिकार्ड ही नहीं मिला। इसके अलावा उन्होंने अभी अन्य 8 लोगों की पहचान भी की है। इनके दस्तावेज में भी फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मिले हैं। इनको अभी उपायुक्त कार्यालय भेजा गया है। इसके बाद उक्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।