ग्रेटर नोएडा: सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ बच्चे ने डाली फोटो, पिता गिरफ्तार
दो बच्चों ने शनिवार को सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ फोटो व वीडियो डाल दिए। लोगों से इसकी जानकारी होने पर पुलिस ने पिता को गिरफ्तार कर तमंचा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, शनिवार रात सोशल मीडिया से पुलिस को जानकारी हुई कि दनकौर के दो बच्चों ने तमंचे के साथ फोटो और वीडियो डाले हैं। पुलिस ने इनकी पहचान दनकौर निवासी 10 व 12 वर्ष के बच्चों के रूप में की।
पुलिस ने जांच में पाया कि एक बच्चे के पिता के घर पर तमंचा रखा हुआ था। बच्चा पड़ोसी दोस्त के साथ घर पहुंचा और दोनों ने हाथों में तमंचा लेकर वीडियो व फोटो खींच ली। इसके बाद इसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। कुछ घंटे बाद स्थानीय लोगों से इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने एक बच्चे के पिता मुकेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
महिला ने दादरी में की थी हवाई फायरिंग, लाइसेंस रद्द की कार्रवाई शुरू
दो दिन पहले दादरी के ब्रह्मपुरी मोहल्ले में महिला के हवाई फायरिंग करने के वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही, रिवॉल्वर का लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, अनिल शर्मा ने 10 वर्ष पहले लाइसेंस बनवाया था। उसकी शादी छलेरा, नोएडा निवासी शोभा से हुई थी। दिवाली की रात शोभा के हवाई फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। छलेरा निवासी होने से पहले पुलिस घटना यहीं की मान रही थी, लेकिन जांच में ब्रह्मपुरी मोहल्ले में हवाई फायरिंग का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस मामला दर्ज कर लिया है।
खुशी में गोलियां चलाने का वीडियो वायरल, पुलिस को शिकायत
अट्टा गुजरान गांव के एक व्यक्ति का खुशी में पिस्टल से गोलियां चलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। कुछ लोगों ने पुलिस के ट्विटर हैंडल पर इस वीडियो को साझा कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार, करीब 15 सेकंड का यह वीडियो कुछ दिन से वायरल है। इसमें एक व्यक्ति पिस्टल से ताबड़तोड़ चार गोलियां चलाते हुए दिख रहा है। बताया जा रहा है कि दिवाली की खुशी में अट्टा गुजरान गांव में एक व्यक्ति घर पर गोली चला रहा था, जिसकी परिवार के सदस्य ने वीडियो बना ली। एडिशनल डीसीपी विशाल पांडे का कहना है कि गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान की जा रही है। आरोपी पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।