नोएडा एयरपोर्ट के पास खरीद सकेंगे सस्ते घर, अफोर्डेबल हाउसिंग योजना जल्द लाएगा यमुना प्राधिकरण
1920 फ्लैट ईडब्ल्यूएस व एलआईजी के बनेंगे
11 लाख से 33 लाख रुपये तक होगी कीमत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नोएडा एयरपोर्ट के आसपास घर का सपना देख रहे लोगों को यमुना प्राधिकरण एक मौका देने जा रहा है। यमुना प्राधिकरण जल्द ही अफोर्डेबल हाउसिंग (किफायती आवास) योजना लांच करने की तैयारी कर रहा है। इसमें 1920 फ्लैट होंगे। इनकी कीमत 11 लाख से 33 लाख रुपये तक होगी। सेक्टर-18 में पांच हेक्टेयर जमीन पर यह योजना प्रस्तावित है। इसका डिजाइन फाइनल हो गया है।
दरअसल, यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में सैकड़ों औद्योगिक इकाइयों के लिए जमीन आवंटित हो चुकी है। एयरपोर्ट का भी काम जल्द शुरू होगा। ऐसे में हर वर्ग के लोग इसके आसपास बसेंगे। इसे ध्यान में रखते हुए यमुना प्राधिकरण ने किफायती आवासीय योजना निकालने की तैयारी है।
इकोनॉमी फिजिबिलिटी देखने के लिए प्राधिकरण ने सलाहकार कंपनी का चयन करने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह प्रक्रिया अंतिम चरण में है। सलाहकार कंपनी का चयन होने के बाद रिपोर्ट बनेगी। इसके बाद परियोजना के टेंडर निकाल दिए जाएंगे।
डेढ़ साल में परियोजना को पूरा कर लिया जाएगा। अप्रैल तक इस योजना को लांच करने की तैयारी है। यमुना प्राधिकरण ने इसके लिए सेक्टर-18 में पांच हेक्टेयर जमीन तय ली है। यमुना प्राधिकरण के मुताबिक ईडब्ल्यूएस और एलआईजी श्रेणी के फ्लैट होंगे।
एलआईजी के फ्लैट तीन श्रेणी में होंगे। ईडब्ल्यूएस और एलआईजी की पहली श्रेणी के फ्लैट चार मंजिला होंगे, जबकि एलआईजी के बाकी दो श्रेणी के फ्लैट 14 मंजिला होंगे। इस परियोजना का डिजाइन फाइनल हो गया है। लोगों को कम कीमत पर फ्लैट दिए जाएंगे। इसकी कीमत को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा। इस पूरी परियोजना को अंतिम रूप देने के लिए सलाहकार कंपनी के चयन की प्रक्रिया चल रही है।
फ्लैटों पर एक नजर
ईडब्ल्यूएस 30.81 1024 11 लाख
एलआईजी 49.79 336 18 लाख
एलआईजी ए 56.87 336 25 लाख
एलआईजी बी 74.27 224 33 लाख
(नोट : फ्लैटों की कीमत अनुमानित है। फाइनल कीमत तय करने के लिए सलाहकार एजेंसी का चयन किया जा रहा है। वही अध्ययन कर इन फ्लैटों की वास्तविक कीमत तय करेगी। फ्लैटों की संख्या में भी बदलाव हो सकता है।)
उद्यमियों की जरूरत को देखते हुए अफोर्डेबल हाउसिंग योजना को लाने पर विचार हो रहा है। सलाहकार एजेंसी के चयन के लिए टेंडर निकाला गया है। अप्रैल में योजना लांच की जा सकती है। लोग एयरपोर्ट के पास निर्मित घर का सपना साकार कर सकेंगे।- डॉ. अरुणवीर सिंह, सीईओ, यमुना प्राधिकरण