नोएडा। सेक्टर-6 स्थित प्राधिकरण कार्यालय पर तालाबंदी करने और कर्मचारियों से धक्कामुक्की करने के मामले में 700 से अधिक किसानों पर कोतवाली सेक्टर-20 में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर खलीफा समेत 42 किसान नामजद हैं। इससे पहले भी 10 से अधिक मामले इन किसान नेताओं पर दर्ज हो चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को भारतीय किसान परिषद के तत्वावधान में सैकड़ों किसानों ने प्राधिकरण के सभी गेट को बंद करा दिया था और अंदर किसी को भी जाने नहीं दे रहे थे। इसी दौरान प्राधिकरण के कर्मचारी जब कार्यालय के अंदर घुसने लगे तो किसानों ने धक्कामुक्की कर दी। प्रवेश द्वार नहीं खोलने से प्राधिकरण का शासकीय कार्य बाधित हो गया। इस मामले में प्राधिकरण के वर्क सर्किल एक के सहायक प्रबंधक रामचंद्र की तहरीर कोतवाली सेक्टर-20 में मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें सुखबीर खलीफा, आशीष चौहान, उदल सिंह, महेश, सुधीर चौहान, अंकित, ओमबीर, बिजेंद्र समेत 42 किसान नामजद हैं।