नूंह। खंड के गांव संगेल स्थित श्री चेतनदास गो-संवर्धन संस्थान में रविवार को 20वां वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि परिवहन, खनन और कौशल विकास मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा में ब्रज की पहचान माता-पिता और गाय की सेवा करने से होती है। गोमाता देश की संस्कृति की प्रतीक हैं। इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए सभी जागरूक और जिम्मेदार बनें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने हरियाणा गोसेवा आयोग का गठन किया है। आयोग गोवंश के संरक्षण, सुरक्षा और विकास के कार्यक्रम को दिशा प्रदान कर रहा है। प्रदेश सरकार गौशालाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में भी कदम उठा रही है। इस दौरान उन्होंने श्री चेतनदास गो-संवर्धन संस्थान को हरियाणा सरकार के कोष से 21 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। वहीं, राजेश सिंगला ने 10 लाख, सोहाना के विधायक कंवर संजय की पत्नी वंदना ने श्री चेतनदास गोशाला को एक लाख रुपये देने की घोषणा की है। इस मौके पर गोसेवा आयोग के अध्यक्ष पूरन सिंह लोहचब, पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारनियां, पशु पालान एवं डेयरी विभाग के उप निदेशक डॉ. नरेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार अख्तर हुसैन, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र पटेल, पूर्व गोसेवा आयोग के चेयरमैन भानीराम मंगला आदि लोग मौजूद रहे।