नोएडा। भारतीय किसान परिषद के तत्वावधान में प्राधिकरण पर चल रहा किसानों का आंदोलन बुधवार को 106वें दिन भी जारी रहा। दोपहर में किसानों और प्राधिकरण अधिकारियों के बीच तीन घंटे तक वार्ता चली। इस दौरान दोनों पक्षों में कुछ मुद्दों को छोड़कर सकारात्मक बातचीत हुई। हालांकि, अभी भी कुछ मुद्दों पर गतिरोध जारी है। ऐसे में किसानों ने आंदोलन जारी रखने का फैसला लिया है।
भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने बताया कि सुबह 11 बजे किसानों और प्राधिकरण अधिकारियों में वार्ता हुई। दोनों पक्षों में कुछ मुद्दों पर बातचीत सकारात्मक भी रही, लेकिन 10 प्रतिशत मुआवजे के मुद्दे पर प्राधिकरण के अधिकारियों ने असमर्थता जताई। इसके बाद बातचीत आगे नहीं बढ़ पाई। किसान लगभग साढ़े तीन महीने से बैठे हुए हैं। जब तक किसानों की समस्याओं का संपूर्ण समाधान नहीं होगा, प्राधिकरण पर धरना जारी रहेगा। इसके लिए विधायक का घेराव करना पड़े या किसी अधिकारी के घर पर धरना देना पड़े, किसान पीछे नहीं हटेंगे। बैठक में प्राधिकरण के एसीईओ प्रवीण मिश्रा और एडीसीपी रणविजय सिंह मौजूद रहे।