यीडा में लग रहे उद्योगों में स्थानीय युवाओं का 40 फीसदी कोटा : धीरेंद्र सिंह
दनकौर। जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने कहा कि जिले में इन्फोटेनमेंट और नोएडा एयरपोर्ट बनने से किसान परिवारों को रोजगार मिलेगा। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में स्थापित होने वाले उद्योग में किसानों के बच्चों की नौकरी के लिए 40 प्रतिशत का कोटा होगा। मंगलवार को दनकौर में किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत की जयंती कार्यक्रम में भाकियू अराजनैतिक संगठन के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार हमेशा किसानों के हितों को ध्यान में रख कार्य योजना बनाती है। मुख्यमंत्री का सपना है कि देश का किसान गरीब ना रहे। पिछली सरकारों ने किसानों का शोषण किया है। हालांकि विधायक ने कृषि कानूनों पर कुछ नहीं कहा, जिसका किसान विरोध कर रहे हैं। कार्यक्रम में यमुना प्राधिकरण के एसीईओ रविंदर सिंह ने कहा कि प्राधिकरण के अधिकारी किसानों की समस्याओं को गंभीरता से समाधान करने का प्रयास कर रहे हैं। किसान किसी भी वक्त अधिकारियों से अपनी समस्या बता सकते हैं। वहीं, किसानों ने विधायक और अधिकारियों के समक्ष लंबित पड़े आबादी निस्तारण के मामलों को रखा। इस दौरान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी सचिन कुमार, डीसीपी राजेश सिंह, एडीसीपी रणविजय सिंह, एसीपी विमल कुमार, लज्जाराम नागर, मंडल अध्यक्ष पवन खटाना, जिलाध्यक्ष अनीत कसाना, राजे प्रधान, चंद्रपाल नागर, रजनीकांत अग्रवाल, संदीप जैन, धनीराम नागर और सुनील नागर मौजूद रहे।