नूंह। जिले में डेंगू की रफ्तार थम नहीं रही है। सोमवार को 3 नए मरीज फिरोजपुर झिरका में मिले। जिले में अब कुल डेंगू के मरीजों की संख्या 96 हो गई है। इसके अलावा 4 मलेरिया के मरीजों की भी पुष्टि हुई है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विक्रम ने बताया कि जिले में 3 नए डेंगू मरीज फिरोजपुर झिरका में मिले हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार जिले में जांच के साथ नए मरीज आने वाली जगहों पर फॉगिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। सोमवार को पुन्हाना खंड के गांव बिसरू सहित अन्य कई गांवों में फॉगिंग कराई गई। उन्होंने बताया कि डेंगू के मच्छर को फॉगिंग से आसानी से मारा जा सकता हैं। अभी तक जिले के विभिन्न गांवों में डेंगू मरीज मिले हैं। उन्होंने बताया कि जल्द से जल्द जिले में डेंगू व मलेरिया को काबू में किया जा सके, इसके लिए सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के सभी हेल्थ इंस्पेक्टर के साथ उन्होंने बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग के इस कार्य में आमजन को अपनी भागीदारी निभाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अभी स्थिति स्वास्थ्य विभाग के नियंत्रण में है। लोगों को सिर्फ सावधानी बरतने की जरूरत हैं। हर हाल में सभी को मच्छरों के प्रकोप से स्वयं को बचाना है। डेंगू का मच्छर दिन में काटता है, जबकि मलेरिया का मच्छर रात में वार करता हैं। इन दोनों से हमें सावधान रहने की जरूरत है। जिले में पांच साल बाद एकदम से डेंगू के मरीज आए हैं। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग इससे निपटने के लिए पूरी सतर्कता बरत रहा है। अस्पतालों में संदिग्धों की जांच की जा रही है। बुखार वाले मरीजों को उचित मार्गदर्शन दिया जा रहा है। वैसे बुखार से अभी तक जिले में 13 लोगों की जान गई है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने इन मौतों का कारण डेंगू नहीं बताया है।