{"_id":"65adbe1e06d7df4a470ad113","slug":"noida-today-lamps-will-be-lit-in-every-house-to-the-tune-of-ram-s-name-2024-01-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"Noida : चहुंओर राम नाम की धुन, आज घर-घर जलेंगे दीप; अयोध्या के उत्सव का नोएडा में उल्लास","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Noida : चहुंओर राम नाम की धुन, आज घर-घर जलेंगे दीप; अयोध्या के उत्सव का नोएडा में उल्लास
Mon, 22 Jan 2024 06:31 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा/ग्रेटर नोएडा।
अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा/ग्रेटर नोएडा।
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Mon, 22 Jan 2024 06:31 AM IST
सार
आज हर घर में राम नाम के दीप जलेंगे। ऐसा पहली बार होगा कि ढाई महीने के भीतर दूसरी बार दिवाली मनेगी। प्राण प्रतिष्ठा के मौके को यादगार बनाने के लिए पूरे शहर ने जी-जान से तैयारी की है।
विज्ञापन
शहर में कल दिन भर लगा रहा शोभायात्राओं का सिलसिला
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के महोत्सव पर पूरा नोएडा राममय हो गया है। आज हर घर में राम नाम के दीप जलेंगे। ऐसा पहली बार होगा कि ढाई महीने के भीतर दूसरी बार दिवाली मनेगी। प्राण प्रतिष्ठा के मौके को यादगार बनाने के लिए पूरे शहर ने जी-जान से तैयारी की है।
विज्ञापन
शहर के प्रत्येक मंदिर को रंगीन लाइटों व फूलों से सजाया गया है। मंदिरों में आज विशेष आयोजन होंगे। मुख्य यजमानों को दायित्व सौंपे गए हैं। उनको पूरा करने के लिए पूरा मंदिर प्रशासन जुटा हुआ है। सुबह से ही दर्शन और पूजन शुरू हो जाएंगे। इसके अलावा अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के दौरान शहर के मंदिरों में विशेष अनुष्ठान होंगे।
विज्ञापन
शहर के लोगों ने रामलला के आगमन को और भव्य बनाने के लिए घरों को लाइटों से सजाया है। हर घर में दीप जलेंगे। घरों के बालकनी पर रामनाम का झंडा पहले से ही लहरा रहा है। सोसाइटियों में लोगों ने राम के चित्र लगाए हैं। कहीं बड़े आकार का झंडा लहरा रहा है तो कहीं राम के कटआउट्स खड़े हैं। कई स्थानों पर राम मंदिर के मॉडल लगाए गए हैं। मंदिरों, सेक्टरों, घरों, मॉल और अन्य स्थानों पर लोग 1100, 2100, 3100 और 5100 दीप जलाकर उत्सव मनाएंगे।
विज्ञापन
कई स्थानों पर सामूहिक स्तर पर दीप जलाने की योजना है। सोमवार की शाम शहर के सरकारी दफ्तर, मुख्य मार्ग, बड़े पार्क और सोसाइटियां रंगीन रोशनी से सराबोर होंगी। हर सड़क, हर गली रोशन होगी। कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन होगा। लोग राम के नाम पर कंबल और भोजन आदि दान करने के लिए आगे आ रहे हैं। ग्रेटर नोएडा से लेकर दादरी और दनकौर ते सब जगह राम नाम की धूम है।
प्राण प्रतिष्ठा का सजीव प्रसारण दिखाया जाएगा
शहर के लोगों को अयोध्या में होने वाले रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के सजीव प्रसारण दिखाने की व्यवस्था की गई है। सेक्टर-21ए नोएडा स्टेडियम समेत कई स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाकर सजीव प्रसारण किया जाएगा। यहां लोगों के बैठने आदि की व्यवस्था की गई है। कई स्थानों पर नोएडा प्राधिकरण की ओर से इसकी व्यवस्था की गई है।
फूलों व रंगों से बनेगी रंगोली
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की ओर से सेक्टर-29 स्थित गंगा शाॅपिंग कॉम्प्लेक्स में दीप जलाए जाएंगे। महिला विंग की ओर से शाम चार बजे फूलों व रंगों से रंगोली बनाई जाएगी। वहीं, सेक्टर-20 स्थित हनुमान मंदिर को 500 किलो फूलों से सजाया जा रहा है। दोपहर 12 बजे सेक्टर में राम बारात निकलेगी। इसके बाद मंदिर में भजन कीर्तन होगा। शाम को 2100 दीप जलाएंगे। लाल मंदिर और सेक्टर- 14 ए स्थित शनि मंदिर में 11 हजार दीप जलाए जाएंगे।
कई स्थानों पर भजन संध्या और सुंदरकांड
शहर में कई स्थानों पर भजन संध्या और सुंदरकांड के पाठ का आयोजन किया जाएगा। राम नाम की भक्ति में लीन लोगों ने पूरे दिन आस्था के नाम करने का मन बनाया है। सेक्टर-71 में जहां शाम चार बजे से भजन संध्या का कार्यक्रम होगा तो सेक्टर-19 में सुंदरकांड के पाठ का आयोजन होगा। कई स्थानों पर धार्मिक आयोजन किए जाएंगे।
जहां नहीं होता रावण दहन, वहां होगी राम दरबार की स्थापना
ग्रेटर नोएडा। बिसरख गांव को रावण की जन्मस्थली माना जाता है। गांव के लोग दशहरा पर रावण के पुतले का दहन भी नहीं करते है, लेकिन अब ग्रामीण गांव के प्राचीन शिव मंदिर पर राम दरबार की स्थापना करेंगे। 22 जनवरी को अयोध्या के साथ रावण की जन्मस्थली पर भी जश्न मनाया जाएगा। ग्रामीणों ने बैठक करके इसकी योजना बनाई। आयोजक अजय प्रधान ने बताया कि गांव में प्राचीन शिव मंदिर में शिवलिंग स्थापित है। रावण ने यहां पर भगवान शिव की आराधना की थी। मंदिर में भगवान राम दरबार की स्थापना होगी। प्राण प्रतिष्ठा में 11 मुख्य पंडित शामिल होंगे।
पुलिस अलर्ट, मंदिरों के बाहर 300 पुलिसकर्मियों की तैनाती
अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर नोएडा कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट है। सोमवार को जनपद के सभी प्रमुख मंदिरों और मस्जिदों के बाहर 300 पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। जनपद की सुरक्षा को लेकर सुपर जोन, जोन और 26 सेक्टर में बांटा गया है। वहीं, रविवार को मॉल, मेट्रो स्टेशन से लेकर शहर के विभिन्न हिस्सों में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला और चेकिंग अभियान चलाया।
जोन की जिम्मेदारी डीसीपी, एडिशनल डीसीपी और सेक्टर की कमान एसीपी और थाना प्रभारियों पर होगी। 350 अतिरिक्त पुलिसबल व पीएसी अलग अलग थानों को आवंटित किए गए हैं। कमांडो को भी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। 150 चार पहिया और 160 दो पहिया वाहनों से शहर की निगरानी की जाएगी। कुल 325 यातायात पुलिसकर्मियों की भी इस दौरान तैनाती रहेगी। पुलिस अधिकारी सुबह नौ बजे से शाम तक शहर का निरीक्षण करते रहेंगे। सीसीटीवी कैमरे से प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाली जगहों की निगरानी की जा रही है।