3700 करोड़ की ठगी करने वाले दंपती को पेशी के बहाने कराई नोएडा की सैर, 6 पुलिसकर्मी निलंबित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ पुलिस अभियुक्तों को पेशी पर ले जाने के दौरान आरोपियों को किस तरह ऐश कराती है, इसका एक मामला नोएडा में देखने को मिला है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस भी हरकत में आई। इसमें एबलेज कंपनी के मालिक अनुभव मित्तल और उसकी पत्नी को लखनऊ पुलिस एक रेस्टोरेंट में खाना खिला रही है और उसकी पत्नी को ब्यूटी पार्लर में ले जाकर फेसियल करा रही थी।
अनुभव मित्तल ने लाइक करने के नाम पर हजारों निवेशकों से 3700 करोड़ रुपये की ठगी की थी। सोमवार को लखनऊ पुलिस फरीदाबाद में आरोपी दंपती को पेशी पर लाई थी और लखनऊ न जाकर नोएडा में ऐश करा रही थी। निवेशकों ने उनको पकड़ कर पुलिस को 100 नंबर पर सूचना दी। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी हुई थी। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों के इस कृत्य की शिकायत एसएसपी लखनऊ से की है।
एबलेज कंपनी के निदेशक अनुभव मित्तल, उसके पिता सुनील कुमार मित्तल व अनुभव की पत्नी आयुषी के खिलाफ साल-2017 में धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि इन लोगों ने दिल्ली-एनसीआर के करीब 40 हजार लोगों से लाइक कराने के नाम पर करीब 3700 करोड़ रुपये का घोटाला किया था। इसके बाद पुलिस ने अनुभव और उसके परिजनों को गिरफ्तार कर लिया था। इन दिनों आरोपी लखनऊ जेल में बंद हैं और सोमवार को पेशी पर फरीदाबाद लाया गया।
पेशी के बाद लखनऊ पुलिस के कांस्टेबल राजसिंह, विजय कुमार सिंह, रमेश कुमार, अरुण कुमार और महिला कांस्टेबल सुशीला व प्रीति आदि लखनऊ के लिए रवाना हुए थे। मगर अनुभव मित्तल को नोएडा सेक्टर-121 में किसी से मिलना था और उससे फोन पर ही बात हो गई थी। इस पर उसने पुलिसकर्मियों से सेक्टर-121 ले जाने के लिए कहा। वहां अनुभव के कुछ मित्र पहले से ही उसका इंतजार कर रहे थे। सभी लोगों ने खाना खाया और अनुभव अपने मित्रों के साथ बातचीत करने लगे। जबकि आयुषी पास के ब्यूटी पार्लर में जाकर फेसियल कराने लगी।
रेस्टोरेंट में ही कुछ निवेशकों ने अनुभव को पहचान लिया और उससे निवेश किए गए पैसे मांगने लगे। इस पर अनुभव वहां से खिसकने लगा तो बाहर लोगों ने उसे पकड़ लिया। हालांकि वहां मौजूद कई पुलिसकर्मी जा चुके थे और दो पुलिसकर्मी मौके पर ही थे। अनुभव अकेले ही एक तरफ जाने लगे तो पुलिस के बजाय उसे निवेशकों ने ही पकड़कर रोका था। मामला बढ़ने लगा तो निवेशकों ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। फेज-थ्री क्षेत्र की पीसीआर मौके पर पहुंची और अनुभव मित्तल समेत सभी पुलिसकर्मियों को लेकर थाने पहुंची। थाने में मामला जीडी में चढ़ाकर अनुभव, उसकी पत्नी और पुलिसकर्मियों को लखनऊ के लिए रवाना किया।
धोखाधड़ी समेत कई मामलों में जेल में बंद अनुभव मित्तल और उसकी पत्नी आयुषी मित्तल को पुलिस लखनऊ से फरीदाबाद पेशी पर लाई थी। वहां से सीधे लखनऊ जाना था मगर किसी जानने वाले के साथ सेक्टर-121 खाना खाने के लिए पहुंच गए। इस कृत्य की सूचना एसएसपी लखनऊ को दे दी है। वैभव कृष्ण, एसएसपी गौतमबुद्धनगर