'शक्तिमान' को कानून का सबक: बाइक पर सुपरहीरो की तरह स्टंट करने वाले तीन गिरफ्तार, रील्स का हीरो बनने का था जुनून
पुलिस द्वारा पकड़े गए तीनों युवकों की पहचान विकास, गौरव और सूरज के रूप में हुई है। विकास शक्तिमान के स्टाइल में चलती बाइक पर स्टंट कर रहा था। वह मूलरूप से बिसौली थाना वजीरगंज जिला बदायूं का रहने वाला है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नोएडा सेक्टर-63 थाना पुलिस ने टीवी धारावाहिक शक्तिमान के गाने पर स्टंट करने वाले बाइक सवार व दो साथियों को शनिवार एसजेएम अस्पताल के पास से गिरफ्तार कर लिया। तीनों ने पुलिस को बताया कि वह इंस्टाग्राम रील्स आदि पर चर्चित होने के लिए वीडियो बना रहे थे। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया है।
थाना प्रभारी सर्वेश चंद्र ने बताया कि तीनों युवकों की पहचान विकास, गौरव और सूरज के रूप में हुई है। विकास शक्तिमान के स्टाइल में चलती बाइक पर उड़ने का स्टंट कर रहा था। वह मूलरूप से बिसौली थाना वजीरगंज जिला बदायूं का रहने वाला है। उसका दोस्त गौरव बाइक चलाने में सहयोग कर रहा था, जबकि सूरज ने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया था। गौरव बुलंदशहर के बीबीनगर थाने के सैदपुर गांव व सूरज बागपत के थाना बड़ौत क्षेत्र के पुठठी गांव का रहने वाला हैं। फिलहाल, तीनों गाजियाबाद के बहरामपुर गांव में रह रहे थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के पास से एक-एक बाइक भी बरामद की हैं। तीनों बाइक को सीज किया गया है।
लगातार पकड़े जा रहे स्टंटबाज
कुछ दिन पहले सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में दो कारों पर स्टंट का वीडियो सामने आया था। इसके बाद थार जीप में लाठी लहराते हुए सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में वीडियो वायरल हुआ था। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर कारों को सीज किया था।
कार पर स्टंट करते युवक का वीडियो वायरल
जिले में स्टंटबाज अपनी करतूत से बाज नहीं आ रहे। आए दिन एक के बाद एक वीडियो सामने आ रहे हैं। अब एक युवक का कार पर स्टंट करते हुए वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो ग्रेनो वेस्ट का बताया जा रहा है। ट्विटर पर वीडियो शेयर कर पुलिस से आरोपी पर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में डीसीपी सेंट्रल जोन हरीश चंदर ने बिसरख कोतवाली प्रभारी को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।