Planning : रनवे से पहले चुनावी रैलियों में उड़ान भरेगा नोएडा एयरपोर्ट, कुछ ऐसी बन रही है योजना
लेकिन आगामी लोकसभा चुनाव की रैलियों में नोएडा एयरपोर्ट की गूंज देश भर में सुनाई देगी। केंद्र व प्रदेश सरकार महत्वकांक्षी परियोजना एयरपोर्ट का उद्घाटन नए साल में करने की तैयारी में हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जेवर में निर्माणाधीन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली उड़ान का लक्ष्य सितंबर 2024 रखा गया है। लेकिन आगामी लोकसभा चुनाव की रैलियों में नोएडा एयरपोर्ट की गूंज देश भर में सुनाई देगी। केंद्र व प्रदेश सरकार महत्वकांक्षी परियोजना एयरपोर्ट का उद्घाटन नए साल में करने की तैयारी में हैं। पूरी संभावना है कि नोएडा एयरपोर्ट का उद्घाटन आगामी लोकसभा चुनाव से पहले कर दिया जाएगा। सरकार की महत्वाकांक्षी योजना होने के कारण आगामी लोकसभा चुनाव की रैलियों में भाजपा के स्टार प्रचारक नोएडा एयरपोर्ट और इससे होने वाले विकास की जानकारी देकर वोटरों को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
जेवर में नोएडा एयरपोर्ट निर्माण का सपना प्रदेश की बसपा व सपा सरकार ने भी देखा था। लेकिन केंद्र सरकार का साथ व समर्थन नहीं मिलने के कारण यह परियोजना केवल चुनावी वादों में ही सुनाई देती रही। योजना को मंजूरी नहीं मिलने के कारण केंद्र सरकार पर ठीकरा भी फोड़ा जाता रहा। लेकिन भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश व केंद्र में सरकार बनने के बाद से इस परियोजना पर नए सिरे से काम किया गया। एक के बाद एक बाधाओं को प्रदेश व केंद्र सरकार ने दूर किया। जमीन अधिग्रहण से लेकर विभागीय औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद तेजी से निर्माण कार्य पूरा किया जा रहा है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नियाल) और विकासकर्ता कंपनी के बीच 40 साल का अनुबंध हुआ था। इसके अंतर्गत एक अक्तूबर 2021 से कंस्ट्रक्शन शुरू करना माना गया है और 1095 दिन के अंदर संचालन शुरू होना है। यानी कागजों में निर्माण कार्य एक अक्तूबर से शुरू होना माना गया है। 30 सितंबर 2024 को ही एयरपोर्ट का काम पूरा करके विकासकर्ता कंपनी को संचालन शुरू करना है। हालांकि दावा किया जा रहा है कि इससे पहले ही यहां से पहली उड़ान भरी जाएगी। एयरपोर्ट में टर्मिनल वन बिल्डिंग 90 हजार वर्ग मीटर में बन रही है। अगर निर्माण कार्य व उड़ान में देरी होती है दस लाख रुपये प्रतिदिन के हिसाब से कंपनी पर जुर्माना लगाया जाएगा।
विधानसभा चुनाव से पहले हुआ शिलान्यास
उत्तर प्रदेश में फरवरी 2022 में हुए विधानसभा चुनाव व आचार संहिता लागू होने से पहले 25 नवंबर 2021 को जेवर में नोएडा एयरपोर्ट का शिलान्यास किया गया था। इस अवसर पर भव्य आयोजन किया गया था। अब लोकसभा चुनाव से पहले नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन की तैयारी है। इस अवसर पर भी पहले से अधिक भव्य आयोजन होने की संभावना है।