{"_id":"65b0660f3d1e779569071025","slug":"noida-after-the-murder-of-air-india-crew-member-the-shooters-had-taken-shelter-in-delhi-2024-01-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"Noida : एयर इंडिया क्रू मेंबर की हत्या के बाद शूटर्स ने दिल्ली में ली थी शरण, ठिकाना तलाशने में जुटी पुलिस","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Noida : एयर इंडिया क्रू मेंबर की हत्या के बाद शूटर्स ने दिल्ली में ली थी शरण, ठिकाना तलाशने में जुटी पुलिस
Wed, 24 Jan 2024 06:51 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा
अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Wed, 24 Jan 2024 06:51 AM IST
सार
पुलिस ने अब तक चार सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। इससे स्पष्ट हो रहा है कि नोएडा में वारदात के बाद शूटर पहले से तय दिल्ली के ठिकाने पर पहुंचे थे।
विज्ञापन
demo pic...
विस्तार
एयर इंडिया के क्रू सदस्य और गैंगस्टर प्रवेश मान के भाई सूरजमान की हत्या के बाद बाइक सवार तीनों शूटरों ने दिल्ली में शरण ली थी। पुलिस ने अब तक चार सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। इससे स्पष्ट हो रहा है कि नोएडा में वारदात के बाद शूटर पहले से तय दिल्ली के ठिकाने पर पहुंचे थे।
विज्ञापन
नोएडा पुलिस इस ठिकाने का पता लगा रही है। बताया जा रहा है कि शूटर अपने आका लॉरेंस विश्नोई के खासमखास के पास पहुंचे थे। पुलिस स्क्रैप माफिया रवि काना और गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई के बीच साठगांठ को लेकर भी जांच में जुटी हुई है। सूरज की हत्या के बाद पहले नोएडा पुलिस ने साजिश रचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसमें एक आरोपी प्रवेश से अदावत रखने वाले गैंगस्टर कपिल मान का भाई भी है।
विज्ञापन
इसके बाद पुलिस ने दावा किया था कि सूरज की हत्या प्रवेश-कपिल मान के बीच गैंगवार में हुई थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने भी दो शूटरों अब्दुल कादिर व कुलदीप को गिरफ्तार कर नोएडा की हत्या में शामिल होने का दावा किया और बताया गया कि दोनों गिरफ्तार शूटर लॉरेंस विश्नोई गिरोह के हैं, हालांकि नोएडा पुलिस ने अब तक इन दोनों शूटरों की तस्दीक नहीं की है।
विज्ञापन
नोएडा पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल से पता चला है कि इस घटना में तीन शूटर शामिल थे। तीनों एक ही बाइक से आए थे और बाइक चलाने वाला शूटर हेलमेट पहना हुआ था। वारदात के बाद तीनों नोएडा सेक्टर-104 से होते हुए दिल्ली में दाखिल हुए और आरके पुरम की तरफ गए हैं। इसके अलावा भी कई अन्य अहम सुराग नोएडा पुलिस के हाथ लगे हैं। घटना के बाद पुलिस के रडार पर लॉरेंस विश्नोई गैंग के बदमाश हैं और उनके नोएडा कनेक्शन की जांच की जा रही है।
लॉरेंस और रवि काना के कनेक्शन की जांच
सूरजमान की हत्या मामले की जांच के दौरान पुलिस को गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई व स्क्रैप माफिया रवि काना के बीच संबंध होने का भी पता चला है। पुलिस गैंगवार के साथ ही हत्या को अंजाम देने के समय और स्थान को लेकर भी पड़ताल में जुटी है। बताया जाता है कि रवि काना पर पुलिस के बढ़ते दबाव के बाद गैंगवार से साथ-साथ नोएडा पुलिस को परेशान करने लिए भी हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। रवि काना लॉरैंस गैंग की आर्थिक मदद करता है।