इस शहर में नहीं रहना चाहता कोई भी पुलिसवाला, अधिकारियों को बताए चौंकाने वाले बहाने
साइबर सिटी और औद्योगिक नगरी की सुरक्षा के लिए तत्पर पुलिस कर्मचारियों का यहां से मोहभंग होने लगा है। यह हम नहीं बल्कि पुलिसकर्मियों द्वारा तबादलों के आवेदन की सूची कह रही है।
जिसमें सबसे ज्यादा नाम गुरुग्राम, फरीदाबाद और मेवात के पुलिसकर्मियों के शामिल हैं। इनमे गुरुग्राम अव्वल है। बता दें कि हर माह 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी तबादलों के लिए आवेदन करते हैं।
जब पुलिस अधिकारियों ने तबादला चाहने वाले पुलिसकर्मियों से बात कि तो चौंकाने वाले जवाब मिले। पुलिसकर्मियों ने अपराध, ट्रैफिक, जाम, वीआईपी ड्यूटी से होने वाले तनाव का बहाना बताया।
जिसके बाद अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों के तबादलों पर रोक लगाने का फैसला किया है। इन जिलों से सिर्फ स्वास्थ्य और कपल केस में ही तबादला किया जाएगा।
सिपाही से लेकर सबइंस्पेक्टर करते हैं आवेदन
सिपाही से लेकर सबइंस्पेक्टर पद के पुलिसकर्मी तबादलों के लिए अधिक आवेदन करते हैं। पुलिस में सबसे ज्यादा काम का बोझ इन पुलिसकर्मियों पर रहता है। बता दें कि किसी भी अपराध की जांच का जिम्मा व सुरक्षा की जिम्मेदारी सब इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों के पास होती है। आला अधिकारियों की फटकार भी इन्हें खानी पड़ती है।
सबसे ज्यादा तबादलों के आवेदन इन तीन जिलों से लगातार आ रहे हैं। जिसका अध्ययन करने पर पता चला कि यहां के वर्कलोड से पुलिसकर्मी परेशान हैं। काम के बोझ को कम करने के लिए इन जिलों में नई नियुक्तियां की जा रही हैं। -मोहम्मद अकील ,एडीजीपी