निर्भया के दोस्त पर पैसे लेकर साक्षात्कार देने का आरोप, एक दोषी के पिता की मांग, दर्ज हो एफआईआर
निर्भया कांड के चार दोषियों में से एक के पिता ने मामले में एकमात्र गवाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए अदालत से गुहार लगाई है। इस याचिका में निर्भया के दोस्त एवं घटना के एकमात्र गवाह पर आरोप लगाया गया है कि वह पैसे लेकर मीडिया चैनलों को साक्षात्कार दे रहा है।
याचिकाकर्ता के वकील एपी सिंह ने यह दावा किया कि गवाह के इन साक्षात्कार के कारण मामला प्रभावित हुआ और इस पर मीडिया ट्रायल शुरू हुआ। निर्भया का दोस्त और मामले में एकमात्र चश्मदीद गवाह घटना वाले दिन उस बस में पीड़िता के साथ ही था। हमले में वह भी घायल हुआ था।
वकील ने कहा कि पवन कुमार गुप्ता के पिता हीरा लाल मामले में शिकायतकर्ता हैं। उन्होंने हाल में मीडिया में आई कुछ खबरों का हवाला दिया, जिसमें आरोप लगाया गया था कि गवाह ने विभिन्न समाचार चैनलों पर साक्षात्कार देने के एवज में पैसे मांगे थे।
शिकायतकर्ता ने कहा, उसकी (गवाह) झूठी गवाही और उसके अपराध को देखते हुए मामले में स्वतंत्र जांच की दरकार है। एकमात्र गवाह होने के नाते उसकी गवाही ने मामले के निर्णय को बेहद प्रभावित किया, जिसके कारण आरोपियों को मृत्युदंड की सजा हुई।
इन खबरों का हवाला देते हुए वकील ने कहा कि उक्त तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर यह साफ हो गया है तथा उसका व्यवहार यह साफ-साफ दर्शाता है कि उसकी गवाही झूठी एवं मनगढ़ंत है... उसकी गवाही में यह सबसे महत्वपूर्ण बात है और अगर यह प्रमाणित होता है तो इससे यह साबित होगा कि उसकी गवाही वास्तव में झूठी है।