जानलेवा हो रहे प्रदूषण का असर, दिल्ली में कल बंद रहेंगे एमसीडी के सभी स्कूल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में स्मॉग की हानिकारक परत और प्रदूषण के बढ़ते स्तर और उससे होने वाले खतरे को देखते हुए एमसीडी ने अपने सभी स्कूलों को शनिवार को भी बंद रखने का फैसला किया है।
मालूम हो कि दिल्ली सहित आसपास के चार राज्यों में खतरनाक स्तर पर पहुंच चुके प्रदूषण पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए एनजीटी ने शुक्रवार को चार राज्यों के सचिवों को समन जारी किया है।
जिन चार राज्यों को कोर्ट ने समन दिया है उनमें दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान शामिल हैं। इन चार राज्यों के पर्यावरण सचिवों से बढ़ते प्रदुषण और फसलों के जलाए जाने पर एनजीटी ने 8 नवंबर तक जवाब देने को कहा है।
एनजीटी ने केंद्रीय व दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को प्रदूषण कम करने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा है। दिल्ली सरकार से जब ट्रिब्यूनल ने राज्य में बढ़ते प्रदूषण का कारण पूछा तो जवाब में सरकार ने दूसरे राज्यों में फसलों के अवशेष जलाए जाने को इसका कारण बताया। हालांकि दिल्ली सरकार के इस जवाब से एनजीटी संतुष्ट नहीं हुई और कहा कि दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण का ये कारण नहीं है।
दिल्ली सरकार से पूछा क्या कर रहे हैं प्रदूषण को रोकने के लिए
एनजीटी ने दिल्ली सरकार से ये भी सवाल किया कि आपने बढ़ते प्रदूषण की रोकथाम के लिए क्या कदम उठाए हैं। साथ ही एनजीटी ने दिल्ली सरकार से कहा है कि राजधानी में चल रहे 10 साल पुराने डीजल वाहनों को बंद करवाएं।
गौरतलब है कि दिल्ली और आसपास में प्रदूषण का स्तर इतना भयावह हो चुका है कि इसके बारे में विदेशों में भी चर्चा हो रही है और अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने कुछ तस्वीरें जारी की हैं। इन तस्वीरों में दिखाया गया है कि ऊपर बताए गए चार राज्यों के वातावरण में घना धुंआ व्याप्त है।
बता दें कि दिल्ली में समय से पहले छाई धुंध दिवाली से ही है जो बेहद हानिकारक है। प्रदूषण की वजह से लोगों में सांस लेने की समस्या बढ़ रही है और साथ ही आंखों में जलन की भी शिकायतें आ रही हैं। विजिबिलिटी कम होने की वजह से जहां एक ओर सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है वहीं विमानों का आवागमन भी प्रभावित हुआ है।