DU में छात्रों का पहला दिन: चॉकलेट खिलाई... सेल्फी ली- तिलक लगाया, कहीं कहा- ‘वेलकम फ्रैशर्स’; देखें तस्वीरें
दिल्ली विश्वविद्यालय में साल 2024-25 का नया सत्र शुरू हो गया है। गुरुवार को कॉलेजों में छात्रों का पहला दिन रहा। पहले ही दिन अनोखे अंदाज में कॉलेजों में छात्रों का ग्रैंड वेलकम हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बारिश के साथ मस्ती, दोस्ती, घबराहट के बीच फ्रैशर(नए छात्र) जब अपने कॉलेज पहुंचे तो कुछ ही देर में उनका रैगिंग को लेकर डर भी खत्म हो गया। सीनियरों के दोस्ताना व्यवहार ने फैशर्स की झिझक को दूर कर दिया। इस तरह सत्र का पहला दिन सेल्फी लेने व नए दोस्तों के साथ दोस्ती करने, ओरिएंटेशन व कक्षाओं में बीता। कॉलेजों ने छात्रों के पहले दिन को खास बनाने के लिए कहीं हवन किया गया तो कहीं कहीं कॉलेजों के मुख्य द्वार को फूल मालाओं से सजाया गया, तो कहीं रंगोली बनाई गई। नए छात्रो का स्वागत कॉलेजों ने पूरे जोशो-खरोश से किया। कई जगह छात्रों का कॉलेज में प्रवेश तिलक लगाकर किया गया। पहले दिन के डर को खत्म करने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक भी छात्रों के साथ कैंपस पहुंचे।
ओरिएंटेशन के नाम रहा पहला दिन
नए सत्र का पहला दिन कॉलेजों मेें ओरिएंटेशन के नाम रहा। बृहस्पतिवार को नॉर्थ और साउथ कैंपस सहित तमाम कॉलेजों में नए छात्रों के स्वागत के लिए कॉलेजों को फूलों से सजाया हुआ था, तो कुछ कॉलेजों में रंगोली बनी थी। हंसराज कॉलेज में सत्र की शुरुआत हवन पूजन के साथ हुई। इस अवसर पर कॉलेज प्रिंसिपल डॉ रमा समेत अन्य शिक्षक व छात्र उपस्थित थे। किरोड़ीमल कॉलेज में ओरिएंटेशन में छात्रों को कॉलेज, सोसायटी, शिक्षकों व वहां के माहौल से परिचित कराया गया। कॉलेज प्रिंसिपल दिनेश खट्टर ने बताया कि बृहस्पतिवार को विभाग स्तर पर ओरिएंटेशन डे आयोजित किया गया। इसमें टाइम टेबल और कक्षाओं के बारे में बताया गया और कक्षाएं शुरू कर दी गई। रैगिंग पर कॉलेज में सख्ती का असर यह रहा कि कोई घटना सामने नहीं आई।
तिलक लगाकर व मिठाई खिलाकर स्वागत
कॉलेजों में नए छात्रों का स्वागत परंपरागत तरीके से तिलक लगाकर मीठा खिलाकर किया गया। कॉलेज के पहले दिन ऐसा स्वागत देख फैशर्स भी काफी उत्साहित नजर आए। एबीवीपी ने रामजस, केएमसी, हिंदू, मोतीलाल, अदिति, श्यामलाल समेत 50 कॉलेजों में तिलक लगाकर मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया। विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन पर वेलकम फैशर्स की एक रंगोली भी एबीवीपी की ओर से बनाई गई। एनएसयूआई ने कई कॉलेजों मेें रैगिंग के विरोध में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।
डीयू बना रैंप, फैशर्स बने मॉडल
डीयू के कॉलेजों में पहले दिन फैशन का जलवा भी देखने को मिला। अपने कॉलेज के दिन को खास बनाने के लिए छात्र-छात्राएं काफी सज स्टाइलिश परिधानों में पहुंचे। लड़कियां जींस, टॉप, हॉल्टर नेक टीशर्ट, लॉंग टी-शर्ट, कुर्ती-लैगिंग, पैंट्स और आर्कषक बैग के साथ नजर आई। वहीं लड़कों ने टी-शर्ट व शर्ट व पैंट में कई तरह के एक्सपेरिमेंट किए। फुटवियर से लेकर फोन के कवर तक स्टाइलिश नजर आए।
कैंपस में दिन भर लगा रहा जाम
पहले ही दिन जाम के चलते छात्रों समेत अन्य लोगों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहनों की इस भीड़ चलते राहगीरों के साथ-साथ छात्रों को भी यातायात जाम का सामना करना पड़ा। जाम का यह आलम सुबह से लेकर दोपहर बाद तक रहा।
करण सिंह: पहला दिन काफी रोमांचित था। मैं बनारस से डीयू में पढऩे आया हूं। बीकॉम ऑनर्स में दाखिला मिला है। कॉलेज का पहला दिन काफी अच्छा बीता। स्कूल से कॉलेज की जिंदगी में आना अच्छा अनुभव है। अभी दो ही दोस्त बने हैं शिक्षकों ने काफी सहयोग किया। माहौल बहुत अच्छा था।
रामजस कॉलेज में बीएससी लाइफ साइंसेज में दाखिला पाई नैनीताल की सेजल भट्ट ने कहा कि डीयू की लाइफ बिल्कुल अलग है। यहां दाखिला लेना किसी सपने से कम नहीं है। पहला दिन काफी रोमांचित था। अभी मेरे दोस्त नही बने हैं। रिद्दी इतिहास ऑनर्स-स्कूल के माहौल से बिल्कुल अलग माहौल कॉलेज का रहा। पहले दिन अभी ज्यादा दोस्त नहीं बने हैं। पहले दिन थोड़ी घबराहट थी इसलिए अपनी बड़ी बहन के साथ आई हूं। ओरिएंटेशन में कॉलेज से परिचित कराया है। शिक्षकों ने दोस्ताना रवैया अपनाया और पढ़ाई पर फोकस करने की सलाह दी है।