RapidX Fare List: रैपिडएक्स में सफर के लिए किराया हुआ तय, सबसे कम 20 रुपये होगा फेयर, देखें सूची
Rapidx Fare: यात्रियों को साहिबाबाद से दुहाई तक यात्रा करने के किए 50 रुपये खर्च करने होंगे। कॉरिडोर का उद्घाटन 20 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साहिबाबाद से करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देश की पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन रैपिडएक्स ट्रेन में साहिबाबाद से दुहाई डिपो स्टेशन तक का सफर करने के लिए यात्रियों को 50 रुपये खर्च करने पड़ेंगे। हालांकि न्यूनतम किराया महज 20 रुपये होगा। बुधवार को एनसीआरटीसी के अधिकारियों ने रैपिडएक्स ट्रेन की किराया दरें घोषित कर दी हैं। प्रीमियम कोच का सफर महंगा होगा। इस कोच में सफर करने के लिए यात्रियों को दोगुना किराया देना होगा। साहिबाबाद से दुहाई डिपो तक जाने के लिए 100 रुपये किराया चुकाना होगा। 90 सेंटीमीटर तक ऊंचाई वाले बच्चे अपने परिजनों के साथ मुफ्त सफर कर सकेंगे। हर यात्री अपने साथ 25 किलोग्राम तक का लगेज ले जा सकेगा।
एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स ने बताया कि 20 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रैपिडएक्स ट्रेन का साहिबाबाद स्टेशन से उद्घाटन करेंगे। अगले दिन यानी 21 अक्तूबर की सुबह छह बजे से आम यात्रियों के लिए रेल सेवा शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि ट्रेन के स्टैंडर्ड कोच का न्यूनतम किराया 20 रुपये होगा। इस कोच में गाजियाबाद से गुलधर और दुहाई तक का सफर 20 रुपये में किया जा सकेगा। साहिबाबाद से गाजियाबाद स्टेशन तक के सफर के लिए यात्री को 30 रुपये चुकाने होंगे। प्रीमियम कोच में न्यूनतम कराया 40 रुपये रखा गया है। इस कोच में गाजियाबाद से गुलधर या दुहाई तक सफर करने के लिए 40 रुपये देने होंगे। साहिबाबाद से दुहाई तक 80 रुपये और दुहाई डिपो तक 100 रुपये किराया तय किया गया है।
दुहाई डिपो से साहिबाबाद तक के सफर के लिए स्टैंडर्ड कोच में 50 रुपये और प्रीमियम कोच में 100 रुपये किराया देना होगा। ट्रेन का टिकट लेने के लिए यात्रियों के पास चार विकल्प होंगे। लोग मोबाइल एप रैपिडएक्स कनेक्ट के माध्यम से, कार्ड के माध्यम से, स्टेशन पर लगीं टिकट वेंडिंग मशीन के माध्यम से और स्टेशन पर बने टिकट काउंटर के जरिए टिकट ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि 90 सेमी. से कम ऊंचाई के बच्चों का टिकट नहीं लगेगा, वह मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। यात्रियों के लिए 25 किलोग्राम सामान ले जाने की अनुमति दी गई है, लेकिन ज्यादा बड़ा बैग या अन्य सामान इसमें नहीं ले जाया जा सकेगा। एनसीआरटीसी ने बैग का अधिकतम साइज तय किया है।
स्टैंडर्ड कोच में यह होगी किराया दरें
साहिबाबाद---गाजियाबाद---गुलधर---दुहाई---दुहाई---डिपोसाहिबाबाद से ---30---30---40---50
गाजियाबाद से ---30---20---30---30गुलधर से ---30---20---20---30
दुहाई से ---40---30---20---20दुहाई डिपो से ---50---30---20---20
प्रीमियम कोच में यह होगी किराया दरें
साहिबाबाद---गाजियाबाद---गुलधर---दुहाई---दुहाई डिपो
साहिबाबाद से ---60---60---80---100
गाजियाबाद से ---60---40---60---60
गुलधर से ---60---40---40---60
दुहाई से ---80 ---60---40---40
दुहाई डिपो से ---100---60---40---40
पांच स्टेशनों पर लगाई गईं 14 टिकट वेंडिंग मशीन
यात्रियों की सुविधा के लिए एनसीआरटीसी ने साहिबाबाद से दुहाई डिपो स्टेशन तक कुल पांच स्टेशनों पर 14 टिकट वेंडिंग मशीनें लगाई हैं। इनमें से साहिबाबाद और गाजियाबाद स्टेशन पर 4-4 मशीनें लगाई गई हैं। दो-दो मशीनें गुलधर, दुहाई और दुहाई डिपो स्टेशन पर स्थापित की गई हैं। इन मशीनों में अपने शुरू करने वाले स्टेशन से लेकर गंतव्य तक पहुंचने वाले स्टेशन का ब्योरा दर्ज करके पेपर टिकट लिया जा सकेगा। इस टिकट के लिए यात्री यूपीआई, पेटीएम, रुपे कार्ड, मास्टर कार्ड और वीजा कार्ड, डेबिट या क्रेडिट कार्ड के माध्यम से किराये की रकम का भुगतान कर सकेंगे।रैपिडएक्स ट्रेन 12 मिनट में साहिबाबाद से दुहाई पहुंचेगी
रैपिडएक्स ट्रेन 12 मिनट में साहिबाबाद स्टेशन से दुहाई स्टेशन पहुंचेगी। हर 10 से 15 मिनट के अंतराल पर यात्रियों की ट्रेन मिलेगी। प्रत्येक स्टेशन पर यह ट्रेन 30 सेकेंड के लिए रुकेगी। वहीं, यात्री स्टेशन परिसर में प्रवेश कर टिकट लेने और जांच कराने के बाद दो मिनट में प्लेटफॉर्म पर पहुंच जाएंगे।
एप, काउंटर और वेंडिंग मशीन से खरीद सकेंगे टिकट
यात्री प्रवेश द्वार से रैपिडएक्स का टिकट मोबाइल एप्लीकेशन, टिकट काउंटर और टिकट वेंडिंग मशीन के माध्यम से ले सकेंगे। मोबाइल एप से टिकट बुक करने पर उन्हें एक क्यूआर कोड मिलेगा, जिसे स्टेशन पर लगे स्कैनर में स्कैन करना होगा। इसके बाद प्रवेश के लिए द्वार खुल जाएगा और यात्री प्लेटफार्म पर जाने के लिए अंदर दाखिल हो सकेंगे। प्लेटफार्म की तरफ प्रवेश करने से पहले यात्री और उसके सामान की जांच उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल (यूपीएसएसएफ) करेगी। इसके बाद यात्री को प्लेटफार्म की तरफ भेजा जाएगा। इन सभी प्रक्रिया में महज दो मिनट लगेंगे।