शर्तों के पेच में फंसी एनसीआर ऑटो सेवा, 13 अगस्त के बाद थम सकते हैं पहिये
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली-नोएडा के बीच आटो सेवा पटरी से उतरने के संकेत मिल रहे हैं। एनसीआर आटो परमिट योजना के तहत तीन साल पहले हुए समझौते की शर्तें दोनों शहरों के बीच बेरोकटोक सफर में बाधा बनने जा रही हैं। 13 अगस्त को काउंटर साइन की अवधि समाप्त हो जाएगी। इसके बाद नोएडा और गाजियाबाद के 4 हजार आटो दिल्ली नहीं जा सकेंगे। दरअसल, एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की पहल पर 2008 में चार राज्यों (दिल्ली, यूपी, हरियाणा और राजस्थान) के बीच समझौता हुआ था।
हालांकि इस समझौते के तहत एनसीआर में बेरोकटोक आटो सेवा शुरू करने में 7 साल लग गए। 2015 में दिल्ली-यूपी के बीच 6700 आटो परमिट जारी किए गए। 4 हजार परमिट नोएडा और गाजियाबाद से दिल्ली के लिए जारी हुए थे। यूपी परिवहन विभाग ने काउंटर साइन की अवधि परमिट की वैद्यता तक तय कर दी। वहीं, दिल्ली परिवहन विभाग ने काउंटर साइन की अवधि 13 अगस्त 2018 तय की, जो अब खत्म होने जा रही है। ऐसे में दिल्ली के 2700 आटो नोएडा-गाजियाबाद में प्रवेश कर सकेंगे, मगर इन दोनों शहरों के 4 हजार आटो दिल्ली नहीं जा सकेंगे।
तीन माह से उठ रहा मुद्दा
नोएडा आटो रिक्शा चालक एसोसिएशन (एनसीआर) की तरफ से तीन महीने पहले परिवहन विभाग को इस संबंध में अवगत कराया गया था। 13 जून को राज्य के परिवहन मंत्री को पत्र भी भेजा गया था, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं आया है। अब काउंटर साइन की अवधि समाप्त होने को है। ऐसे में चार हजार आटो चालकों की धड़कन तेज हो गई है।
लाल बाबू, अध्यक्ष- नोएडा आटो रिक्शा चालक एसोसिएशन का कहना है कि, काउंटर साइन की वजह से ऑटो सेवा प्रभावित हुई, तो हजारों यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ेगी। ऑटो चालकों के सामने रोजीरोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। ऐसे में 17 अगस्त को आटो चालक चक्का जाम कर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
एके पांडेय, एआरटीओ (प्रशासन) गौतमबुद्घ नगर ने बताया कि, इस संबंध में परिवहन विभाग के आला अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। दिल्ली-यूपी के आला-अधिकारियों के बीच वार्ता जारी है। उम्मीद है कि जल्द से जल्द कोई रास्ता निकलेगा।
कहां से कितने परमिट
नोएडा से दिल्ली 2000
गाजियाबाद से दिल्ली 2000
दिल्ली से नोएडा 1350
दिल्ली से गाजियाबाद 1350