इलेक्टोरल बॉन्ड में घोटाला: संजय सिंह का खुलासा, कंपनियों को हुआ घाटा... टैक्स में दी छूट; भाजपा को मिला फायदा
इलेक्टोरल बॉन्ड में हुए घोटाले पर आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि जिन कंपनियों को घाटा हुआ। उन्होंने भाजपा को 450 करोड़ का चंदा दिया है।
विस्तार
प्रेस वार्ता के दौरान आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड के नाम पर भ्रष्टाचार हुआ। टैक्स में छूट दी गई। सुप्रीम कोर्ट को धन्यवाद कि उन्होंने पूरा डेटा जनता के सामने रखा गया। मैं जो खुलासा कर रहा हूं उसकी पूरी शृंखला यह है कि 33 कंपनियां ऐसी हैं, जिन्होंने सात साल में 1 लाख करोड़ रुपए का घाटा उठाया है और भाजपा को 450 करोड़ रुपए का चंदा दिया है।
Senior AAP leader and Rajya Sabha Member @SanjayAzadSln Addressing an Important Press Conference | LIVE https://t.co/e3wq82KASM
— AAP (@AamAadmiParty) April 8, 2024
टैक्स में छूट दी गई कंपनियों को
आगे कहा कि 17 कंपनियां ऐसी हैं जिन्होंने या तो शून्य टैक्स चुकाया है या फिर उन्हें टैक्स में छूट मिली है। छह कंपनियों ने भाजपा को 600 करोड़ रुपए का चंदा दिया है। एक कंपनी ने अपने मुनाफे से तीन गुना ज्यादा चंदा दिया। एक ऐसी कंपनी है जिसने अपने मुनाफे का 93 गुना दान कर दिया है। तीन कंपनियां हैं जिन्होंने 28 करोड़ रुपए का चंदा दिया है और शून्य कर का भुगतान किया है।
सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार और भाजपा ने सुनियोजित तरीके से लाखों करोड़ का भ्रष्टाचार किया है। यह भ्रष्टाचार इलेक्टोरल बॉन्ड के माध्यम से किया गया है। नियमों में बदलाव कर कैसे कंपनियों को हजारों करोड़ टैक्स की छूट दी गई। इतना ही नहीं कंपनियों को ठेका भी दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद जो उन्होंने सारा का सारा डेटा देश की जनता के सामने लाकर रख दिया है।