ट्रेन में युवतियों से करने लगे छेड़छाड़, विरोध करने पर पिटाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
त्योहार पर भी सफर सुरक्षित नहीं है। मनचले और चोर उचक्के अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। दिल्ली से कानपुर जा रही टीएडी पैसेंजर में सोमवार को मनचलों ने युवतियों से छेड़छाड़ कर दी।
विरोध करने पर युवकों ने अपने अन्य साथियों को बुलाकर युवतियों और उनके परिजनों से मारपीट की। इसको लेकर ट्रेन में हंगामा हो गया। जब तक जीआरपी के जवान डब्बे में पहुंचते तब तक आरोपी भाग गए।
वहीं, युवती के परिजनों ने भी किसी तरह की कार्रवाई से इंकार कर दिया। सोमवार सुबह 11.20 बजे दिल्ली से कानपुर जा रही टीएडी पैसेंजर में एक व्यक्ति दिवाली की छुट्टियों में दो बेटियों और पत्नी के साथ अपने घर जलेसर रोड, अलीगढ़ जा रहा था।
दो युवकों ने बेटियों से छेड़छाड़ शुरू कर दी
पीड़ित के अनुसार, ट्रेन जब खुर्जा पहुंचने वाली थी तभी दो युवकों ने बेटियों से छेड़छाड़ शुरू कर दी। बेटियों ने पिता से बताया तो उन्होंने युवकों का विरोध किया। इसके बाद युवक दूसरे कोच में यात्रा कर रहे अपने अन्य साथियों को फोन कर बुला लिया।
इसी बीच विवाद बढ़ा तो मनचलों ने युवतियों और उनके परिजनों से मारपीट शुरू कर दी। इस घटना से ट्रेन में हंगामा मच गया। जंक्शन स्टेशन पर रुकते ही सूचना पर जीआरपी के जवान पहुंच गए।
इसके बाद आरोपी युवक भाग गए। सिर्फ पांच मिनट तक ट्रेन रुकने के कारण पीड़ित परिवार ने किसी भी तरह की कार्रवाई से इंकार कर दिया।
युवतियों के पिता ने बताया कि जब युवक बेटियों और उनके साथ मारपीट कर रहे थे तो ट्रेन में बैठे अन्य यात्री सिर्फ तमाशबीन बने बैठे रहे। अगर वह लोग थोड़ी हिम्मत दिखाकर युवकों का रोकते तो युवक भाग जाते, लेकिन किसी ने भी उन्हें रोकना मुनासिब नहीं समझा।