मौत की दावत: हेलो...शकील, रामलीला पार्क के पास आओ दावत है, पहुंचते ही कुल्हाड़ी और चाकू से काट डाला, पढ़ें खौफनाक वारदात
शुरुआती जांच के बाद पुलिस को पता चला है कि शकील और वसीम के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। पिछले दिनों एक मोबाइल को लेकर दोनों में झगड़ा भी हो गया था। लोगों ने मामले को शांत करवा दिया था। आशंका व्यक्त की जा रही है कि इसी वजह से शकील की हत्या की गई। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
विस्तार
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में बदमाशों ने बीच सड़क पर एक युवक को कुल्हाड़ी और चाकू से काट डाला। आरोपी चाकू और कुल्हाड़ी से हमला करने के अलावा लोहे की रॉड से उसे मारते रहे। पीड़ित का बड़ा भाई उसे बचाने आया तो उस पर भी हमला कर दिया। इसके बाद फरार हो गए। जख्मी हालत में पीड़ित शकील (30) और इसके बड़े भाई सलीम को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया। जहां शकील को मृत घोषित कर दिया गया। सलीम का इलाज जारी है।
हत्या का आरोप वसीम व उसके तीन अन्य भाइयों पर है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक शकील पर हत्या, हत्या के प्रयास समेत कुल 15 मुकदमे दर्ज हैं। वारदात के बाद पुलिस ने मामले में दो अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक शकील परिवार के साथ खजूरी खास की श्रीराम कॉलोनी में रहता था। परिवार में पिता मोहम्मद इकबाल, मां, पत्नी, चार बच्चे, सलीम समेत चार भाई हैं। शकील मंगलवार रात को घर में था। इस बीच उसके मोबाइल पर किसी की कॉल आई। कॉल करने वाले ने शकील से रामलीला पार्क के पास आकर दावत खाने की बात की। शकील घर से निकल गया और मौके पर पहुंचा।
आरोप है कि वहां पर वसीम अपने भाइयों शादाब, नईम, रहमान के साथ वहां मौजूद था। शकील के वहां पहुंचते ही आरोपियों ने बीच सड़क पर उसे घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने उस पर चाकू, कुल्हाड़ी व रॉड से हमला कर दिया। आरोपियों ने जमीन पर गिराकर उस पर ताबड़तोड़ हमले किए। आरोपी तब तक उसे मारते रहे जब तक उनको नहीं लगा कि शकील मर दिया। खबर मिलने के सलीम वहां पहुंचा और भाई को बचाने का प्रयास करने लगा।
इस बीच आरोपियों ने सलीम पर भी रॉड से हमला कर दिया। सिर पर कई वार करने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। खबर मिलने के बाद परिवार वहां पहुंचा। सलीम और शकील को जख्मी हालत में जीटीबी अस्पताल ले जाया गया। जहां शकील को मृत घोषित कर दिया गया।