ग्रेटर नोएडा में बदमाशों के हौसले बुलंद, 3 घंट में 4 लूट की वारदात को दिया अंजाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बृहस्पतिवार रात 8 बजे से 11 बजे के बीच बदमाशों ने लूट की चार वारदात को अंजाम दिया। कार सवार बदमाशों ने नॉलेज पार्क स्थित होटल के कर्मचारी और ईकोटेक-3 के सुत्याना से युवक को अगवा कर शहर भर में घुमाया।
पिस्टल की बट और लोहे की राड मारकर घायल कर दिया और उनके एटीएम से रुपये लूट लिए। इसके अलावा बिसरख कोतवाली क्षेत्र में दो लोगों से अलग-अलग मोबाइल और नकदी लूट लिए। पुलिस ने चारों वारदात में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में लगी है।
नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में अंसल कट के पास बृहस्पतिवार रात 10 बजे दादरी निवासी संजोग कुमार घर जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रहे थे। वह नॉलेज पार्क में स्थित एक होटल के कर्मचारी हैं। उसी दौरान कार सवार बदमाशों ने उन्हें अगवा कर लिया।
संजोग को अगवा करके बाद बदमाशों ने उसके चेहरे पर पिस्टल से कई वार किए। मारपीट कर बदमाशों ने उनसे साढ़े छह हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया। बदमाश कर्मचारी को अगवा करके आधे घंटे तक बंधक बनाकर ग्रेटर नोएडा की सड़कों पर घुमाते रहे। इसके बाद बदमाशों ने पांच हजार रुपये पीड़ित के एटीएम से भी निकलवाए और पीड़ित को सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।
बदमाशों ने बंधक बनाकर लोहे की रॉड से की पिटाई
वहीं दिल्ली के मयूर विहार निवासी विकास झा सुत्याना गांव के समीप अपने एक दोस्त से मिलने आए थे। रात 11 बजे वापस लौटने के लिए कुलेसरा के समीप ऑटो का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान कार सवार तीन बदमाशों ने विकास को अपनी कार में अगवा कर लिया।
बदमाशों ने उनको बंधक बनाकर लोहे की रॉड से उसकी पिटाई की। बदमाशों ने विकास से 15 हजार का मोबाइल, पांच हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों ने उसको बंधक बनाकर घुमाया और एटीएम से तीन हजार रुपये निकलवाए। लूटपाट करने के बाद बदमाशों ने देर रात उसे नोएडा के सेक्टर-39 कोतवाली क्षेत्र में फेंका। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-39 कोतवाली में लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
वहीं बिसरख कोतवाली क्षेत्र में लॉ रेजिडेंसिया सोसायटी के पास बदमाशों ने सोसायटी में रहने वाले दिनेश से मोबाइल लूट लिया। दिनेश ने बृहस्पतिवार रात 8 बजे हुई वारदात की शिकायत पीड़ित ने पुलिस से की है।
दूसरी तरफ रोजा याकूबपुर गांव के समीप बदमाशों ने वेदपाल से 10:30 बजे 500 रुपये लूट लिए। पांच सौ रुपये हाथ लगने पर बदमाशों ने जाते-जाते उसे धमकी भी दी कि अगली बार मिलना तो इससे ज्यादा रुपये होने चाहिए। वेदपाल के पास दो सस्ते मोबाइल थे, इस वजह से बदमाश मोबाइल नहीं ले गए।