{"_id":"5e5596c68ebc3ef3eb73886d","slug":"miscreants-keep-firing-police-keep-counting-used-cartridges","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली में दंगाः उपद्रवी गोलियां चलाते रहे, पुलिस खोखे गिनती रही","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली में दंगाः उपद्रवी गोलियां चलाते रहे, पुलिस खोखे गिनती रही
Wed, 26 Feb 2020 03:21 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अभिषेक पाण्डेय, नई दिल्ली
अभिषेक पाण्डेय, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Wed, 26 Feb 2020 03:21 AM IST
विज्ञापन
हिंसाग्रस्त इलाके में लगातार गोलियां चल रही थीं...
- फोटो : अमर उजाला
मौजपुर मेट्रो स्टेशन से 100 मीटर की दूरी पर मंगलवार सुबह 10 बजे के बाद दीवार की दूसरी तरफ चल रही गोलियों की तड़तड़ाहट की आवाज ने सीमावर्ती इलाकों की याद दिला दी। हिंसाग्रस्त इस इलाके में लगातार गोलियां चल रही थीं और पुलिस खोखे गिनती नजर आई।
विज्ञापन
दीवार के एक तरफ से पेट्रोल बम फेंके जा रहे थे, तो दूसरी तरफ गोलियां चल रही थीं। पांच घंटे तक पुलिस के सामने उपद्रवी अवैध असलहे लेकर फायर कर रहे थे, लेकिन पुलिस कार्रवाई के आदेश का इंतजार करती नजर आई। लगातार पुलिस के सामने बोतलों में भरकर पेट्रोल बम बनाया जा रहा था, जिसके जवाब में छतों से फायरिंग शुरू कर दी गई।
विज्ञापन
पूर्वी दिल्ली के मौजपुर, सुदामापुरी, कर्दमपुरी और करवाल नगर में मंगलवार सुबह से ही उपद्रवियों ने हथियार लहराना शुरू कर दिया था। मौजपुर में उपद्रवी लगातार पुलिस पर फायरिंग कर रहे थे, फिर भी पुलिस खड़ी होकर तमाशा देखती रही। माना जा रहा है कि उपद्रवियों ने हजारों गोलियां चलाकर इलाके में दहशत फैलाने का प्रयास किया।
विज्ञापन
दीवार के बीच एक नाला होने से पुलिस भी दूसरी तरफ जाने से कतरा रही थी। गोली चलाने वालों की तरफ जाने के लिए दो पुलिया वाला रास्ता भी था, लेकिन उस ओर से भी पुलिस ने गोलियां चलाने वालों के पास पहुंचकर कार्रवाई नहीं की। दूसरे पक्ष की तरफ से भी गोलियों के जवाब में लगातार पेट्रोल बम फेंके जा रहे थे। पेट्रोल बम बनाने के लिए उपद्रवियों को कांच की खाली बोतलें दी जा रही थीं।
बोतलों में बम बनाकर नाबालिग गोली चलाने वालों पर हमला करते नजर आए। वहीं कई घंटे तक हुए उपद्रव के बाद मौके पर पुलिस हालात को संभालने पहुंची, लेकिन उपद्रवियों ने उन पर भी गोलियां चला दीं। उपद्रवियों ने टायरों में भी आग लगा दी। इन इलाकों का मंजर मानों जैसे जंग के मैदान में तब्दील हो गया था। दोनों तरफ से हो रहे हमले में 25 से अधिक उपद्रवी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।