Shocking Honeytrap: अश्लील वीडियो बनाकर करते थे ब्लैकमेल, एक वकील को इस तरह बनाया शिकार
Shocking honeytrap gang exposed in Delhi: आरोपी अरशद का काम गैंग के इस्तेमाल के लिए सिमकार्ड और बैंक खातों का इंतजाम करना था। इसके अलावा मुश्ताक भोले-भाले लोगों के अश्लील वीडियो बनाकर उनको ब्लैकमेल करता था। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर इनके बाकी साथियों की तलाश कर रही है।
विस्तार
सोशल मीडिया के जरिए हनीट्रेप में फंसाकर सेक्सटॉर्शन करने वाले गैंग के दो बदमाशों को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव कोट, दौसा, राजस्थान निवासी अरशद खान (30) और मुश्ताक खान (39) के रूप में हुई है। आरोपी अरशद के पास से पुलिस ने एक पिस्टल व तीन कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी दिल्ली के एक वकील को ब्लैकमेल कर 20 लाख रुपये मांग रहे थे। मामला दर्ज होने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। कोर्ट ने दोनों को भगोड़ा घोषित करने के अलावा इनके खिलाफ 20-20 हजार का इनाम भी घोषित कर दिया था। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर इनके गैंग के बाकी सदस्यों की तलाश कर रही है।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त जसमीत सिंह ने बताया कि नई दिल्ली इलाके में इन लोगों ने एक वकील को शिकार बनाकर उससे 20 लाख की डिमांड की थी। इस संबंध में बाराखंभा रोड इलाके में मामला दर्ज हुआ था। लोकल पुलिस के अलावा स्पेशल सेल की टीम भी आरोपियों की तलाश कर रही थी। छानबीन के दौरान एसीपी अत्तर सिंह व अन्यों की टीम को सूचना मिली कि वारदात में शामिल इनामी बदमाश अपने किसी साथी से मिलने के लिए दक्षिण दिल्ली के छतरपुर, फूल मार्केट के पास आने वाला है।
सूचना के बाद बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपी अरशद खान को फूल मार्केट, छतरपुर से गिरफ्तार कर लिया। इससे पूछताछ के बाद शुक्रवार की देर रात को मुश्ताक नामक आरोपी को दौसा राजस्थान स्थित उसके गांव कोट से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया। इन्होंने बताया कि ये लोग मेवाती गैंग सद्दाम से जुड़े हुए हैं। इनके गैंग में चार से पांच और लोग शामिल हैं।
गैंग सोशल मीडिया के जरिए लड़की बनकर लोगों से दोस्ती करता है। इसके बाद उनसे बातचीत कर वीडियो कॉल कर अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर ली जाती है। इस वीडियो को परिवार और रिश्तेदारों को भेजने की धमकी देकर वसूली की जाती है। गैंग देशभर के लोगों से इसी तरह वसूली कर रहा था।