CCTV से मिला क्लू, मुंह को हाथ से दबाकर चाकू से दर्जनों वार किए
सेक्टर-62 स्थित जेपी इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन एंड टेक्नोलॉजी के गर्ल्स हॉस्टल के वॉशरूम में एमटेक छात्रा पर चाकू से वार करने वाले हमलावर तक पहुंचने का दावा पुलिस कर रही है।
सीसीटीवी में एक शख्स घटना के 19 सेकेंड बाद वॉशरूम के पास से जाता दिख रहा है। पुलिस को शक है कि उसी शख्स ने घटना को अंजाम दिया होगा। इंस्टीट्यूट में दशहरा की छुट्टियां होने से पुलिस को जांच करने में थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस छात्रों से पूछताछ ठीक ढंग से नहीं कर पा रही है।
सोमवार को पुलिस ने छात्रा के बयान दर्ज किए, मगर पुलिस उसके बयान से संतुष्ट होती नहीं दिख रही है। प्रियंका ने अपने बयान में बताया कि वहां एक शख्स और मौजूद था। वॉशरूम में बिजली सप्लाई बंद होने से अंधेरा था।
मुंह को हाथ से दबाकर चाकू से दर्जनों वार किए
उसके वॉशरूम में पहुंचने पर हमलावर वहीं मौजूद था। हमलावर ने उसके मुंह को हाथ से दबाकर चाकू से दर्जनों वार किए। इसी बीच एक अन्य व्यक्ति ने वॉशरूम का गेट खोला था, जिसने ....ओए क्या कर रहा है.....पूछा था।
आरोपी के दरवाजा बंद करने के कहने पर वह दरवाजा बंद कर चला गया था। छात्रा के जमीन पर गिरने पर आरोपी मृत मानकर वहां से गया था। डीएसपी डॉ. अनूप कुमार का कहना है कि बयान से वह संतुष्ट नहीं है। हालांकि वह फुटेज के आधार पर उक्त छात्र से पूछताछ करेंगे।
साथ ही घटना का अनावरण बहुत जल्द कर दिया जाएगा। ज्ञात हो कि रविवार रात करीब सवा नौ बजे हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले की रहने वाली एमटेक की छात्रा पर कॉलेज परिसर में बने वॉशरूम में अज्ञात हमलावर ने चाकू से दर्जनों वार कर दिया था।