{"_id":"603569c78ebc3ee8fa486291","slug":"mercury-rises-in-delhi-ncr-maximum-temperature-reached-31-2-degrees-in-delhi","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली-एनसीआर में पारा उछला, दिन में तपिश का अहसास, राजधानी में 31.2 डिग्री रहा अधिकतम तापमान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली-एनसीआर में पारा उछला, दिन में तपिश का अहसास, राजधानी में 31.2 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
Wed, 24 Feb 2021 02:17 AM IST
Vikas Kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Vikas Kumar
Updated Wed, 24 Feb 2021 02:17 AM IST
विज्ञापन
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी तेजी से अपने रंग दिखाने लगी
- फोटो : अमर उजाला
सूरज के लगातार तीखे होते तेवरों से दिल्ली-एनसीआर में गर्मी तेजी से अपने रंग दिखाने लगी है। राजधानी में मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक 31.2 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले सोमवार को दिन का तापमान 28.9 डिग्री रहा था। एकाएक पारा चढ़ने से सड़कों पर निकले लोग गर्म कपड़ों के बिना दिखे। हालांकि शाम को मौसम सुहाना हो गया। न्यूनतम तापमान सामान्य के बराबर 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में हवा में नमी का अधिकतम स्तर 100 फीसदी व न्यूनतम 36 फीसदी रहा।
विज्ञापन
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले वर्षों की तुलना में इस बार फरवरी में दिन का तापमान औसत से अधिक दर्ज किया जा रहा है। ऐसा अनुमान है कि अगले 24 घंटों में भी अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के पार ही रहेगा, वहीं न्यूनतम तापमान में भी कुछ बढ़ोतरी होगी। पिछले दो सप्ताह से अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। गत 10 फरवरी को भी अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। इसके बाद कुछ राहत मिली थी, लेकिन फिर से सूरज के तेवर कड़े होते जा रहे हैं।
विज्ञापन
औसत अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी
स्काईमेट वेदर के मुताबिक, दिल्ली में सामान्य तौर पर फरवरी का पहला सप्ताह 23 डिग्री सेल्सियस के औसत तापमान के साथ शुरू होकर 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचता है, ऐसे में पूरे माह का औसत तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक रहता है, लेकिन पिछले तीन सप्ताह की बात करें तो इस बार औसत अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर चुका है। अभी माह पूरा होने में 5 दिन है। ऐसे में आने वाले दिनों में औसत तापमान 27 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर सकता है।
विज्ञापन
वर्ष 2016 में फरवरी का औसत तापमान 26 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था। वर्ष 2017 में 25.9 और 2017 में 21 फरवरी को सबसे अधिक 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि वर्ष 2020 में फरवरी का औसत तापमान पिछले सालों की तुलना में कम रहा।
स्पोर्ट्स कांप्लेक्स इलाके में 33 डिग्री पहुंचा पारा
दिल्ली के स्पोर्ट्स कांप्लेक्स इलाके में पारा 33.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सबसे अधिक तापमान के साथ मौसम विभाग के विभिन्न मानक केंद्रों की तुलना में यह इलाका सबसे गर्म दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सबसे अधिक 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पीतमपुरा में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
खराब श्रेणी में रही दिल्ली की वायु गुणवत्ता
बढ़ते तापमान व हवा की कम होती रफ्तार का असर दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता पर पड़ रहा है। इस वजह से एनसीआर के अधिकतर शहरों में हवा की गुणवत्ता अभी खराब श्रेणी में बनी हुई है। एनसीआर में शामिल केवल गाजियाबाद की हवा अभी भी बहुत खराब श्रेणी में है। अगले 48 घंटों में कमोबेश यही स्थिति रहेगी। इसके बाद हवा की रफ्तार बढ़ने से वायु गुणवत्ता में सुधार की संभावना बताई जा रही है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, मंगलवार को राजधानी का औसत वायु गुवणत्ता सूचकांक(एक्यूआई) 250 दर्ज किया गया।गाजियाबाद का एक्यआई 320 दर्ज किया गया, जो सबसे प्रदूषित शहर रहा। एनसीआर के आंकड़ें देखे तो नोएडा की हवा दिल्ली- एनसीआर के शहरों में सबसे बेहतर रही है। सफर के अनुसार, अगले दो दिन बाद वेंटिलेशन इंडेक्स के साथ देने व हवा की रफ्तार बढ़ने की वजह से वायु गुणवत्ता सूंचकांक सुधरेगा। पिछले 24 घंटों में पीएम 10 का स्तर 223 व पीएम 2.5 का स्तर 103 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर दर्ज किया गया।
कहां-कितना रहा एक्यूआई
गाजियाबाद 320
फरीदाबाद 296
ग्रेटर नोएडा 253
दिल्ली 250
गुरुग्राम 241
नोएडा 214