Weather Update : आंधी-बारिश से मौसम हुआ सुहावना, दिल्ली-NCR में आज और कल भी बरसेंगे बदरा, यलो अलर्ट
Mausam Ki Jankari: मौसम विभाग ने रविवार को बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को भी हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही धूल भरी आंधी चलने की आशंका है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली में मौसम विभाग ने आज के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को भी हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही धूल भरी आंधी चलने की आशंका है।
कल दोपहर के समय तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चली। इसके बाद मौसम में बदलाव आया, ऐसे में आसमान में काले बादल छा गए और शाम होने से पहले बारिश होने लगी। बारिश के बीच कई बार बिजली की गरज सुनाई दी। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जोकि सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से दो डिग्री अधिक है। बारिश होने से शाम को तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की कम आई है। हल्की ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहाना बना दिया है।
वहीं राजधानी में खराब मौसम के कारण 16 विमानों को दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। इनमें सात इंडिगो, दो विस्तारा, छह एयर इंडिया और एक एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट है। बता दें कि मौसम विभाग ने पहले ही शनिवार और रविवार को बारिश का यलो अलर्ट जारी कर रखा है।
मौसम विभाग का कहना है कि आज और कल हवा 35 से 45 किलो मीटर प्रतिघंटे की गति से चल सकती हैं। ऐसे में अधिकतम 32 और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
पीतमपुरा में सबसे अधिक बारिश दर्ज
पश्चिमी विक्षोभ के चलते पीतमपुरा इलाके में सर्वाधिक बारिश दर्ज की गई। प्रादेशिक मौसम वेद्यशाला के मुताबिक यहां 26 एमएम बारिश मापी गई। वहीं, पालम इलाके में 7.6, पूसा में 7 और आया नगर में 2.2 एमएम बारिश हुई। वहीं, सबसे कम बारिश राजघाट और जाफरपुर इलाके में 1 एमएम वर्षा दर्ज की गई।
नरेला में 40 के पार पारा पहुंचा
नरेला इलाका सर्वाधिक गर्म रहा। यहां अधिकतम 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के समय लोगों को सूरज की तपिश ने परेशान किया। मौसम विभाग के अनुसार स्पोर्ट्स कॉम्पेलक्स में 39.7, नजफगढ़ में 39.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया।
बारिश से कई जगह यातायात हुआ प्रभावित
बारिश होने से कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि, कुछ देर बाद यातायात सामान्य हो गया। आईटीओ, मंकी ब्रिज, मिंटो ब्रिज, धौला कुआं, मोती बाग, कर्मपुरा समेत कई मार्गों में मिनट भर का सफर घंटों में तब्दील हो गया। वहीं, जलभराव की स्थिति की वजह से कई इलाकों में आवाजाही प्रभावित रही।
मध्यम श्रेणी में दिल्ली का एक्यूआई
शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 196 रहा, जोकि मध्यम श्रेणी में है। सर्वाधिक इलाकों में एक्यूआई 100 के पार दर्ज किया। हालांकि, दिल्ली की हवा समग्र रूप से मध्यम श्रेणी में बनी रही। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार तक हवा मध्यम श्रेणी में बनी रहेगी।
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक शनिवार को औसतन 16 से 36 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा दक्षिण से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर से चली। वहीं, रविवार को हवा उत्तर-पश्चिम से दक्षिण-पूर्व दिशा की ओर से चलेगी। इस दौरान हवा की गति 16 से 36 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है।
सोमवार को हवा विभिन्न दिशा से चल सकती है। हवा की गति 8 से 20 किमी रहने के आसार हैं। मंगलवार को हवा पश्चिम-उत्तर-पश्चिम से उत्तर-पश्चिम दिशा से चलेगी। इस दौरान हवा की गति 8 से 32 किमी प्रति घंटे रहने की उम्मीद है।
गुरुग्राम की हवा रही सबसे अधिक प्रदूषित
सीपीसीबी के अनुसार एनसीआर में गुरुग्राम का सबसे अधिक वायु गुणवत्ता सूचकांक दर्ज किया। यहां एक्यूआई 266 रहा, यह खराब श्रेणी है। फरीदाबाद में 226, ग्रेटर नोएडा में 224, नोएडा में 193 व गाजियाबाद में 158 एक्यूआई दर्ज किया गया।