मरकज की वेबसाइट पर भी भड़काऊ वीडियो डालते थे मौलाना साद, पुलिस ने भेजा चौथा नोटिस
निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी मरकज का मौलाना मोहम्मद साद मरकज की वेबसाइट पर भी भड़काऊ वीडियो डालता था। ये वेबसाइट दिल्ली मरकजडॉट कॉम के नाम से है। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की जांच में ये बात सामने आई है। दिल्ली पुलिस ने दिए चौथे नोटिस में मौलाना साद से वेबसाइट के बारे में जानकारी मांगी है। दूसरी तरफ मौलाना साद हॉटस्पॉट का सहारा लेकर जाकिर नगर (पश्चिमी) में छिपा हुआ है। मौलाना साद ने अपराध शाखा के किसी भी नोटिस का जवाब ठीक से नहीं दिया है।
मरकज की जांच पर नजर रखे हुए अपराध शाखा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अपराध शाखा ने मौलाना साद को चौथा नोटिस देकर वेबसाइट के बारे में पूछा है। मौलाना साद से पूछा गया है कि दिल्ली मरकजडॉट कॉम मरकज की वेबसाइट है। इस वेबसाइट को कौन संभालता था, कौन इस पर वीडियो व भाषण अपलोड करता था, किस कंपनी के नेट का इस्तेमाल किया जाता था और इसका पासवर्ड किसके पास है।
अपराध शाखा के अधिकारियों ने मौलाना साद से उसकी वेबसाइट की आईडी भी मांगी है। नोटिस में एम्स या अन्य सरकारी अस्पताल से कोरोना टेस्ट कराकर जल्द ही रिपोर्ट देने को कहा है। अपराध शाखा के पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौलाना साद पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहे हैं। उनको चार नोटिस दिए जा चुके हैं, मगर सभी नोटिस में दिए गए सवालों का जवाब मौलाना साद ने ठीक ने नहीं दिए हैं। मौलाना साद शुरू से जाकिर नगर में हैं। हालांकि स्थानीय जामिया नगर थाना पुलिस को अपराध शाखा ने इसकी कोई सूचना नहीं दी है और न ही नजर रखने को कहा है।
मौलाना साद को बचा रहा हॉटस्पॉट
अपराध शाखा के अधिकारियों के अनुसार, मौलाना साद 28 मार्च से ही जामिया नगर के जाकिर नगर (वेस्ट) में है। ये इलाका शुरू से ही हॉटस्पॉट घोषित किया हुआ है। हॉटस्पॉट होने के कारण मौलाना साद खुद को सुरक्षित महसूस कर रहा है। हॉटस्पॉट होने के कारण दिल्ली पुलिस मौलाना साद को गिरफ्तार करने से कतरा रही है। दिल्ली पुलिस मौलाना साद से बार-बार कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट मांग रही है। अपराध शाखा ने चौथे नोटिस में भी जल्द ही कोरोना टेस्ट कराकर रिपोर्ट देने को कहा है।
मरकज जांच टीम के दो और पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित
निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी मरकज मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के दो और पुलिसकर्मी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। इन दोनों पुलिसकर्मियों का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव निकला है। इससे पहले एक सिपाही कोरोना की चपेट में आ गया था। अब तक कोरोना की चपेट में टीम के तीन सदस्य आ गए हैं। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों समेत टीम के सभी सदस्यों को होम क्वारंटीन रहने को कहा गया है।
अपराध शाखा के पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच टीम के जो दो पुलिसकर्मी कोरोना की चपेट में आए हैं, उनमें एक हवलदार है, जबकि दूसरा सिपाही है। ये मरकज मामले की जांच के दौरान बंगले वाली मस्जिद में गए थे। हालांकि पुलिसकर्मियों ने मास्क, ग्लव्स व किट पहन रखी थी। अब पूरी टीम के सदस्यों का कोरोना टेस्ट कराया गया है।