'आप' का दावा: 31 जगहों पर 14 घंटे छापेमारी, भेजे गए सीबीआई के 900 अफसर, पर केंद्र के हाथ लगा कुछ भी नहीं
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आने वाले समय में पूरे देश में मुकाबला पीएम मोदी और सीएम केजरीवाल के बीच होगा। केंद्र सरकार और भाजपा के निशाने पर पहले नंबर पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हैं।
विस्तार
आप (आम आदमी पार्टी) विधायक सौरभ भारद्वाज का कहना है कि उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर पर केंद्र सरकार की सीबीआई की छापेमारी पूरी तरह फेल साबित हुई है। सीबीआई को छापों में कुछ भी नहीं मिला। 14 घंटे की छापेमारी के बाद भी सीबीआई यह नहीं बता सकी है कि उसको सिसोदिया के आवास से क्या सुराग मिले हैं।
सौरभ भारद्वाज ने मीडिया से बात करते हुए तंज कसा कि केजरीवाल सरकार को मोदी सरकार की तरफ से यह सबसे बड़ी क्लीनचिट है। 31 जगहों पर करीब 900 सीबीआई के अफसर लगाने के बावजूद नतीजा कुछ भी नहीं निकला। हर जगह पर 20-30 अधिकारी भेजे गए थे। इस पर अब तो कोई भी सामान्य आदमी कहेगा कि यह रेड पूरी तरह से फेल थी। 100 में से जीरो नंबर आए लेकिन इसमें दोष अधिकारियों का नहीं है। वह तो अपना काम कर रहे हैं। सरकार जो कह रही है, वह कर रहे हैं।
सीबीआई पर दबाव बना रही केंद्र सरकार
सौरभ भारद्वाज ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि केंद्र सरकार और भाजपा के निशाने पर पहले नंबर पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हैं। भाजपा में कहा जा रहा है कि अब केजरीवाल से निपटना है। भारद्वाज का दावा है कि सीबीआई पर केंद्र सरकार दबाव बना रही है। उनको बोला गया है कि चाहें कुछ भी करो लेकिन कुछ ना कुछ ढूंढ़कर लाओ वरना निलंबित कर दिया जाएगा। सौरभ भारद्वाज के मुताबिक, देश की जनता मान चुकी है कि आने वाले समय में पूरे देश में मुकाबला पीएम मोदी और सीएम केजरीवाल के बीच होगा।